प्याज की माला पहनकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का केजरीवाल सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

नई दिल्ली, दिल्ली-एनसीआर में प्याज के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। मौजूदा समय में यहां पर 80 से 100 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज बिक रही है। बृहस्पतिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चौपड़ा के नेतृत्व में प्याज के बढ़ते दाम के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्याज की माला पहनकर दिल्ली सचिवालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। 



सुभाष चौपड़ा ने प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज राजधानी में प्याज की कीमतें आज 100 रुपये प्रति किलो से ज्यादा हैं। दिल्ली के लोग भाजपा व दिल्ली सरकार को कोस रहे है। उन्होंने कहा कि भाजपा व आप पार्टी को याद दिलाना चाहता हूं कि 1998 में दिल्ली की जनता ने भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंका था। उन्होंने कहा कि आज फिर दिल्ली के लोगां से आव्हान करता हू कि वो आम आदमी पार्टी की सरकार को उखाड़ फेंके।


श्री चौपड़ा ने कहा कि कि बावजूद इसके कि गोदामों में प्याज सड़ रहा है। किसानों को उसकी कीमत नही दी जा रही, लेकिन जमाखोरों से हमदर्दी रखने वाली भाजपा व आम आदमी पार्टी की सरकार ने कृतिम आभाव पैदा कर रखा है। उन्होंने भाजपा व केजरीवाल सरकार पर जमाखोरों से साठगांठ रखने का भी आरोप लगाया। श्री चौपड़ा ने कहा कि प्याज के साथ-साथ आवश्क वस्तुओं व सब्जियों की अन्य कीमतें भी आसमान छू रही है और गरीब आदमी को अपनी रसोई चलाना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक मंदी झेल रहा गरीब आदमी जमाखोरों की हमदर्द आप पार्टी और भाजपा को आगामी चुनाव में सबक जरुर सिखाऐगां उन्होने चंद घंटे के नोटिस पर भारी संख्या मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार भी प्रकट किया।



प्रदर्शनकारियों में प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चौपड़ा के अलावा पूर्व सांसद सर्वश्री परवेज हाश्मी, महाबल मिश्रा, रमेश कुमार, कृष्णा तीरथ मुख्य प्रवक्ता मुकेश शर्मा, दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव मनीष चतरथ, दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विकास छिकारा, दिल्ली प्रदेश सेवादल संगठक सुनील कुमार, पूर्व मंत्री दिल्ली सरकार प्रो. किरण वालिया, डॉ. नरेन्द्र नाथ, मंगतराम सिंघल, निगम में विपक्ष के नेता मुकेश गोयल, अभिषेक दत्त, रिंकू, पूर्व विधायक सर्वश्री नसीब सिंह, राजेश लिलौठिया, वीर सिंह धीगान, कुंवर करण सिंह, जितेन्द्र कुमार कोचर, विपिन शर्मा, मालाराम गंगवाल, चौ. मतीन अहमद, चतर सिंह, निगम पार्षद, इंदु, खविन्द्र सिंह कैप्टन, दर्शना जाटव पूर्व महापौर सतवीर सिंह, सहित निगम पार्षद, सभी जिला एवं ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सहित हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थे।


बता दें कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली और एनसीआर में प्याज और टमाटर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी प्याज की कीमतें आसमान छू रही हैं। बताया जा रहा है कि कई इलाकों में तो प्याज के दाम 100 रुपये प्रतिकिलो से ऊपर पहुंच गए हैं।