महापौर ने सुभाष नगर वार्ड में ’’सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ’’ की शुरूआत की


नई दिल्ली,  दक्षिण दिल्ली नगर निगम (द.दि.न.नि) की महापौर सुनीता कांगड़ा ने आज सुभाष नगर वार्ड में भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे ''प्लास्टिक वेस्ट श्रमदान अभियान'' की शुरूआत की। यह अभियान 11 सितम्बर से लेकर 27 अक्टूबर तक चलाया जायेगा जिसके अंतर्गत प्लास्टिक के खिलाफ बड़े पैमाने पर जागरूकता सभाएं और स्वच्छता रैली आयोजित की जायेंगी।
महापौर ने बताया कि द.दि.न.नि अपने मुख्यालय और निगम के अन्य कार्यालयों में प्लास्टिक से बनी वस्तुओं पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा रहा है। महापौर ने कहा कि हमने अपने अधिकारियों को भी निर्देश दिये है कि वह कार्यालय में पेपर ग्लास, प्लेट, कुल्हड़ आदि का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि पाॅलिथिन के इस्तेमाल पर रोक लगाने के प्रधानमंत्री के संदेश को आगे बढ़ाते हुए इसके प्रति बड़े स्तर पर जागरूकता विकसित किये जाने की आवश्यकता है। 
उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह हमने स्वच्छता अभियान को सफल बनाया था उसी तरह पाॅलिथिन के खिलाफ अभियान में भी नागरिकों के सहयोग की जरूरत होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह कपड़े और जूट से बने थैलों का इस्तेमाल करे और प्लास्टिक की बोतलों का इस्तेमाल न करें। इस अवसर पर उन्होंने वार्ड में प्लास्टिक के प्रयोग बंद करने के अभियान के अंतर्गत नागरिकों में जागरूकता फैलाने के लिए पर्चे तथा कागज व कपड़े से बने पोस्टर भी बांटे। इस दौरान उनके साथ उपायुक्त पश्चिमी क्षेत्र शिरिश शर्मा, पश्चिमी वार्ड समिति की उपाध्यक्षा श्वेता सेनी और निगम के उच्च अधिकारी उपस्थित थें।
महापौर ने साथ ही सुभाष नगर वार्ड का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों, आर.डब्ल्यू.ए और मार्किट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने सुभाष नगर वार्ड के ब्लाक नंबर-9 की पार्किंग का भी जायजा लिया और यह पाया कि पार्किंग साइट की क्षमता के विपरीत, वहां कम वाहन खडे़ किये जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पार्किंग शुल्क ज्यादा है जिस कारण लोग इसका कम उपयोग करते है। उन्होंने महापौर से अनुरोध किया कि इसका पार्किंग शुल्क कम किया जाए ताकि वह पार्किंग स्थल का अधिक से अधिक उपयोग कर सकें। महापौर ने आश्वासन दिया कि वह इस बारे में निगम के अधिकारियों के साथ विचार विमर्श करेंगी। कांगड़ा ने सुभाष नगर के पार्कों का भी निरीक्षण किया और वहां सफाई व्यवस्था को सुधारने के भी निर्देश दिये।