रोहिणी की हर पाॅकेट के अन्दर वरिष्ठ नागरिक मनोरंजन केन्द्र का निर्माण हो:विजेन्द्र गुप्ता


नई दिल्ली,  दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं रोहिणी के विधायक विजेन्द्र गुप्ता ने रविवार को रोहिणी में निर्मित दो नए वरिष्ठ नागरिक मनोरंजन केन्द्रों का उद्घाटन किया। इन मनोरंजन केन्द्रों का निर्माण रोहिणी के ए-3, सेक्टर-8 एवं ए ब्लाक, प्रशांत विहार में किया गया है। क्षेत्रिय निगम पार्षद आलोक शर्मा एवं चित्रा अग्रवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। 
श्री गुप्ता ने कहा कि विधायक कोष से लगभग 30 लाख रुपए की लागत से बनाए गये ये वरिष्ठ नागरिक मनोरंजन केन्द्र अपने आप में अनुठे प्रकल्प हैं, जो कि हमारे वरिष्ठ नागरिकों को घर से थोड़ी ही दूरी पर उपलब्ध होंगें। वरिष्ठ नागरिकों को ऐसे स्थानों की आवष्यकता होती है जहाँ वे बैठकर दिन के समय आपस में चर्चा कर सके इसलिए अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिक मनोरंजन केन्द्र बने ये समय की माँग है।
श्री गुप्ता ने कहा कि इन दोनों मनोरंजन केन्द्रों के उद्घाटन के साथ ही कुड़े के ढ़लावों को बन्द कर बनाए गए कुल वरिष्ठ नागरिक मनोरंजन केन्द्र एवं पुस्तकायों की संख्या 8 हो गई है। मेरा लक्ष्य है कि रोहिणी की हर पाॅकेट के अन्दर वरिष्ठ नागरिक मनोरंजन केन्द्र का निर्माण हो। इससे पहले कुड़ेदानों को बन्द कर जो 6 वरिष्ठ नागरिक मनोरंजन केन्द्र बनाए गये थे वे सभी सुचारु रुप से चल रहें हैं। सैंकड़ों की संख्या में वरिष्ठ नागरिक इन केन्द्रों का लाभ उठा रहे हैं। श्री गुप्ता ने कहा कि रोहिणी के वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं युवाओं को हर प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध हों इसके लिए वह दिन-रात तत्पर हैं और आने वाले दिनों में भी इस तरह के विकास कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।