दिल्ली में भाजपा की सरकार बनते ही सभी घरों को मिलेगा स्वच्छ पानी : मनोज तिवारी


नई दिल्ली, 15 जून भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी और दिल्ली प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने आज प्रदेश कार्यालय पर ओबीसी मोर्चा द्वारा आयोजित चुनाव समीक्षा बैठक को सम्बोधित किया। इस बैठक में ओबीसी मोर्चा प्रदेश प्रभारी विनोद सहरावत, अध्यक्ष गौरव खारी, उपाध्यक्ष आनन्द यादव, रामवीर तंवर, महामंत्री ललित खत्री एवं मीडिया प्रभारी मिथलेश मौर्य सहित ओबीसी मोर्चा के प्रदेश, जिला एवं मण्डल के सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।


उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सातों सीटों पर प्रचण्ड विजय भारत की संस्कृति, परपंरा व युवाओं के सपनों की जीत है। आप लोगों की बूथ पर की गई मेहनत का परिणाम हमें विजय के रूप में मिला है जिसके लिए मैं आप सभी का धन्यवाद करता हूं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुनरू देश की बागडोर संभालते ही मां भारती की सेवा पूरी मेहनत व लगन से शुरू कर दी है।


इसी कड़ी में विदेश नीति के तहत पड़ोसी राज्यों के साथ मैत्री सम्बन्धों को परस्पर मजबूत बनाने के लिए उनके अथक प्रयासों को मालदीव ने सराहते हुए अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान पीएम मोदी को दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहली कैबिनेट की मीटिंग में ही जय जवान जय किसान के नारे को सार्थक करते हुए देश के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर करने वाले भारत माता के वीर सपूतों के बच्चों को दी जाने वाली छात्रवृति में ऐतिहासिक वृद्धि की घोषणा की जो पीएम मोदी के संवेदनशीलता को प्रदर्शित करता है।


श्री तिवारी ने कहा कि मेट्रोमेन ई. श्रीधरन के मुताबिक मेट्रो की मुफ्त सवारी से देश के विभिन्न शहरों में चल रही मेट्रो व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा जायेगी क्योंकि हर शहर में मेट्रो में मुफ्त यात्रा की मांग उठने लगी है। अभी तक राजनीति से दूर रही मेट्रो राजनीति की भेंट चढ़ जायेगी। यहां पर भी यूनियन और धरना प्रदर्शन की संस्कृति का जन्म हो जायेगा। लेकिन दिल्ली की साफ सुथरी यात्रा व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जायेगा।


श्री तिवारी ने कहा कि दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है परिणामस्वरूप पानी की समस्या ने विकराल रूप धारण कर लिया है। बूंद बूंद पानी के लिए तरसते दिल्ली के लोग मुख्यमंत्री से राहत की उम्मीद लगाये बैठे है लेकिन केजरीवाल केवल राजनीति कर दिल्ली के लोगों के साथ धोखा कर रहे है। केजरीवाल सरकार ने टैंकर माफियाओं से साठ-गांठ कर रखी है और इसीलिए वो इनके खिलाफ किसी भी तरह का कोई सख्त कदम नहीं उठाते है। पानी को लेकर दिल्ली सरकार पूरी तरह से फेल है दिल्ली में भाजपा की सरकार बनते ही पानी की समस्या को दूर करने के लिए नल से जल योजना के तहत सभी घरों तक स्वच्छ पीने लायक पानी पहुंचाया जायेगा।


दिल्ली की सत्ता में जब केजरीवाल आये तब दिल्ली परिवहन निगम के बेड़े में 6800 बसें थी और अब वर्तमान में केवल 3800 बसें ही शेष बची है, केजरीवाल ने बीते साढ़े चार वर्ष में एक भी नई बसे नहीं खरीदी है तो फिर महिलाओं के लिए बसों में मुफ्त यात्रा की परिकल्पना कैसे सार्थक होगी। दिल्ली में केजरीवाल ने केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजना आयुष्मान भारत को जानबूझ कर रोक दिया है। दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में मरीज बेहाल है और उन्हें लम्बी कतारों में लगने के बावजूद दवाईयां नहीं मिल रही है।


श्री तिवारी ने कहा कि आप सभी कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव के जोश व उत्साह को बरकरार रखते हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणामों को लोकसभा चुनावों के ऐतिहासिक परिणामों में बदलना है। केजरीवाल सरकार की नाकामियों को दिल्ली के घर घर तक ले जाना आप सभी कार्यकर्ताओं का काम है मेहनत कर विजय अपने हक में करना भाजपा कार्यकर्ताओं को आता है। अब दिल्ली के लोग मुफ्त के झांसे में आने वाले नहीं है और उन्हें समृद्ध व स्वच्छ वातावरण वाली दिल्ली चाहिए। स्पष्ट है देश में मोदी दिल्ली में भाजपा तभी बनेगी बात दिल्ली चले मोदी के साथ।


प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कहा कि आप सभी कार्यकर्ताओं को अपने अपने क्षेत्र में जनसम्पर्क के माध्यम से लोगों से जुड़ाव रखना है और बूथ स्तर पर काम करके दिल्ली विधानसभा चुनावों में भी भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लिए काम करना है। लोकसभा चुनावों में विजय को सुनिश्चित करने के लिए पार्टी के अलावा विभिन्न संगठनों ने भी पीएम मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने के लिए अपना योगदान दिया है जिसके लिए वो सभी संगठन बधाई के पात्र है।


ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष गौरव खारी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के ऐतिहासिक जीत में ओबीसी समाज की भागीदारी बढ़ी है। समाज के सभी लोगों ने भाजपा के पक्ष में अपना जनादेश दिया है। ओबीसी वर्ग ने जाति-पांति से ऊपर उठकर देश के सर्वागिण विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने के लक्ष्य प्राप्ति हेतु क्षेत्रीय दलों की दलगत राजनीति को नकारा है।