भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता समेत बेटे को मारी गोली


नई दिल्ली, 28 जून राजधानी दिल्ली में दिनोंदिन खराब होती कानून व्यवस्था को लेकर दिल्ली पुलिस कटघरे है। ताजा मामले में दिल्ली के कंझावला इलाके में शुक्रवार सुबह 06: 30 बजे के आसपास भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता राजरानी और इनके बेटे नेत्रपाल को इनके रिश्तेदार ने गोली मार दी। जहां राजरानी का पैर जख्मी हुआ है तो बेटे नेत्रपाल के हाथ और पेट में गोली लगी है। दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनका इलाज किया जा रहा है।
इस पर डीसीपी रोहिणी एसडी मिश्राका कहना है कि दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मां राजरानी की तबीयत ठीक है, जबकि बेटे नेत्रपाल की हालत गंभीर बनी हुई है। यह हमला प्रॉपर्टी विवाद के चलते किया गया। बता दें कि दिल्ली की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को उपराज्यपाल अनिल बैजल से मुलाकात की थी। इस मुलाकात में उन्होंने उपराज्यपाल से इस संबंध में तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की। शीला ने कहा कि पिछले कुछ सप्ताह से दिल्ली में लगातार जघन्य अपराध हो रहे हैं, जिनमें से कुछ तो दिल को दहलाने वाले हैं, जबकि दिल्ली पुलिस मूकदर्शक बनकर खड़ी है। प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने उपराज्यपाल को एक ज्ञापन भी सौंपा जिसमें राजधानी में हाल के सप्ताह में हुए जघन्य अपराधों के विवरण में दर्जन भर से अधिक हत्याएं, गोलीबारी, झपटमारी और डकैती की ऐसी घटनाओं की जानकारी है, जिनके कारण दिल्ली रहने के लिए असुरक्षित हो गई है।