आखिर इस बिगड़ती कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी है


नई दिल्ली, 25 जून आम आदमी पार्टी (आप) दिल्ली में अपराध बढऩे और कानून व्यवस्था खराब होने का हवाला देकर लगातार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साध रही है। आप की वरिष्ठ नेता आतिशि ने बीते सोमवार को नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता की पत्नी शोभा विजेंद्र गुप्ता का बैग चोरी होने की घटना के बाद दिल्ली पुलिस पर सवाल खड़ा किया है।
आतिशि ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित एक संवददाता सम्मेलन में कहा कि जब एक मौजूदा विधायक की पत्नी जो खुद भी भाजपा से काउंसलर रह चुकी हैं, दिल्ली में सुरक्षित नहीं हैं तो दिल्ली की आम जनता कैसे सुरक्षित रह सकती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पिछले एक महीने में 220 राउंड गोलियां चली, एक दिन में नौ लोगों की हत्या हुई। इसके अलावा दिल्ली में पिछले एक महीने में 16 लोगों की हत्या हो चुकी है।
आप नेता ने सवाल किया कि आखिर इस बिगड़ती कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी है। उन्होंने केंद्र सरकार से इसके लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस की जिम्मेदारी जनता की सुरक्षा करना है, लेकिन उन्हें राजनीति करने से फुरसत नहीं है। दिल्ली पुलिस बताए कि दिल्ली में अपराध कम होने का जो आंकड़ा उन्होंने ट्वीटर पर शेयर किया है, क्या उन्हें लगता है कि आज दिल्ली में कानून व्यवस्था ठीक है। दिल्ली में अपराध रोकने में केजरीवाल सरकार पूरी तरह से पुलिस और केंद्र सरकार को सहयोग करने को तैयार है।
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जब-जब दिल्ली की जनता और सरकार ने पुलिस पर सवाल किया, तब-तब विजेंद्र गुप्ता ने पुलिस का बचाव किया। जब मुख्यमंत्री पर हमला हुआ तब भी उन्होंने दिल्ली पुलिस की वकालत की। पिछले पांच साल के कार्यकाल में दिल्ली के किसी भी सांसद ने सदन में एक बार भी इसपर चर्चा नहीं की। भारद्वाज ने कहा कि विजेंद्र गुप्ता कभी भी दिल्ली की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर उप राज्यपाल के पास नहीं गए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय, उप राज्यपाल और दिल्ली के सातों सांसदों को यह साफ करना चाहिए कि दिल्ली पुलिस की जिम्मेदारी किसकी है।