रोहिणी में महिला की हत्या के मामले में तीन गिरफ्तार


नई दिल्ली, रोहिणी जिले थाना के एन काटजू के अंतर्गत रोहिणी सेक्टर-16 में बीते आठ अप्रैल को गीता सक्सेना नामक महिला की हत्या की गुत्थी को क्राइम ब्रांच ने सुलझाते हुए एक युवती समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। हत्या के बाद लूटे गए गहने भी पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। हत्या चुन्नी से गला घोंटकर की गई थी। इस संबंध में केएन काटजू मार्ग थाने में केस दर्ज किया गया था। गिरफ्तार किए गए दो आरोपितों की पहचान सुमित कुमार और विकास कुमार के रूप में हुई। दोनों विजय विहार के रहने वाले हैं।


एडिशनल सीपी राजीव रंजन ने बताया कि नौ अप्रैल को एसओएस-2, क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि रोहिणी हत्या केस में शामिल दो आरोपित विकास और सुमित सेक्टर-24 इलाके में आने वाले हैं। पुलिस ने उक्त स्थान पर ट्रैप लगाकर दोनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में इन्होंने अपना जुर्म कबूल लिया। आरोपितों का कहना है कि रुबी (बदला हुआ नाम) और आशू नामक सहयोगी के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। आशू अब भी फरार है। सुमित और रूबी दोनों दोस्त है। रूबी मृतक गीता सक्सेना को जानती थी और कभी-कभी उनके घर आती-जाती रहती थी। कुछ दिन पहले रूबी ने सुमित से कुछ पैसों की डिमांड की थी। इसके बाद इन्होंने इस लूट की योजना बनाई थी लेकिन महिला के विरोध करने पर गला घोंटकर हत्या कर दी।