रोहिणी में घुड़चढ़ी के दौरान हवाई फायरिंग, किशोर घायल


नई दिल्ली, 21 अप्रैल रोहिणी जिले के रिठाला गांव ‌में शनिवार देर रात घुड़चढ़ी के दौरान
बारातियों द्वारा तमंचों से की गई फायरिंग से एक किशोर गोली लगने से घायल हो गया। गोली लगते
ही बारात में कोहराम मच गया। घायल किशोर को परिजनों ने हैदरपुर मैक्स अस्पताल में दाखिल कराया
है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डीसीपी एसडी मिश्रा के अनुसार घायल किशोर की पहचान गर्व (14)
के रूप में हुई है। उसे वेंटीलेटर पर रखा गया है। प‌ीड़ित किशोर के ताऊ रमेश राजपूत ने बताया कि
रिठाला गांव निवासी मदन के बेटे रोहित की बारात रोहिणी स्थित जापानी पार्क जा रही थी। गांव में रात
करीब साढ़े नौ बजे घुड़चढ़ी हो रही थी। इसी दौरान कुछ बाराती तमंचों से हवाई फायरिंग करने लगे।
फायरिंग के दौरान उनका भतीजा छत पर खड़ा होकर बारात देख रहा था। इसी बीच बारातियों के तमंचे
से चली गोली किशोर के सिर में जा लगी। गोली लगते ही बारात में भगदड़ मच गई। घटना की सूचना
मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल किशोर को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
फिलहाल पुलिस केस दर्ज कर आरोपितों की पहचान करने में जुटी हुई है।