लोकसभा चुनाव के लिए आप ने घोषित किए छह सीटों पर प्रत्याशी


नई दिल्ली, लोकसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली के छह सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। डीडीयू मार्ग स्थित पार्टी मुख्यालय में शनिवार को आप के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने सात में से छह सीटो के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। कुछ माह पहले पार्टी ने जिन नेताओं पर लोकसभा क्षेत्र के चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी दी थी, उन्हें ही अब प्रत्याशी बनाया गया है। इसी के साथ आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन की अटकलों पर भी विराम लग गया है।


छह सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित करने के बाद राय ने कहा कि पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट पर भी जल्द ही प्रत्याशी की घोषणा कर दी जाएगी। कुछ माह पहले ही आप ने लोकसभा चुनाव को लेकर क्षेत्र प्रभारियों की घोषणा की थी। लेकिन, अब तक ये अटकलें लगाई जा रही थीं कि यदि आप का कांग्रेस के साथ गठबंधन होता है तो कुछ प्रभारी प्रत्याशी नहीं बन पाएंगे। आप के संयोजक व मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल का आधिकारिक बयान रहा है कि यदि कांग्रेस भाजपा को हरा सकती तो वह सभी सीटें उसके लिए छोड़ देते। लेकिन, कांग्रेस ऐसा नहीं कर पा रही इसलिए अब वह सभी सीटों पर चुनाव लड़ने दे, क्योंकि आप भाजपा को हरा सकती है। इस बीच कुछ दिनों से कांग्रेस की ओर से फिर से गठबंधन को लेकर बात चली थी, मगर उसकी दिल्ली टीम इसके लिए राजी नहीं थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को भी आप और कांग्रेस के नेताओं के बीच बैठक हुई थी, जिसमें आप ने साफ कर दिया था कि वह दिल्ली में छह सीटों पर चुनाव लड़ेगी और एक सीट कांग्रेस को देने को तैयार है। पंजाब में आप चार सीटों पर लड़ेगी। चंडीगढ़ में भी आप ही लड़ेगी। हरियाणा और गोवा का फैसला कांग्रेस पर छोड़ा था। मगर आप के इस फार्मूले पर कांग्रेस में सहमति नहीं बन सकी।


यह पूछे जाने पर कि यदि कांग्रेस के साथ गठबंधन की बात बनती है तो क्या आप अपने प्रत्याशी वापस ले लेंगे, राय ने कहा कि गठबंधन के लिए हमारी दो लोगों से बात हो रही थी। राहुल गांधी पहले ही मना कर चुके हैं और शीला दीक्षित ने शुक्रवार को सार्वजिनक तौर पर मना कर दिया है। राय ने कहा कि हम तो लोकसभा चुनाव के लिए शुरू से गठबंधन की बात कर रहे हैं। हमारा प्रयास था कि भाजपा को हराने के लिए विपक्ष एक होकर चुनाव लड़े। महागठबंधन की ओर से भाजपा के सामने एक प्रत्याशी ही चुनाव लड़े, पर ऐसा हुआ नहीं। इन सीटों पर ये लड़ेंगे चुनाव


नई दिल्ली-बृजेश गोयल


पूर्वी दिल्ली-आतिशी


उत्तर-पूर्वी दिल्ली-दिलीप पांडेय


दक्षिणी दिल्ली-राघव चड्ढा


चांदनी चैक-पंकज गुप्ता


उत्तर पश्चिम दिल्ली-गुग्गन सिंह


पश्चिमी दिल्ली-अभी फैसला नहीं