लोकपाल बनाने में केंद्र सरकार ने लगाया लंबा वक्त: आप


नई दिल्ली, आम आदमी पार्टी (आप) ने भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए नियुक्त होने जा रहे लोकपाल पर खुशी जाहिर करते हुए केंद्र सरकार पर लोकपाल की नियुक्ति में पांच साल का लंबा वक्त लगाने का आरोप लगाया। आप नेता गोपाल राय ने कहा कि लोकपाल की नियुक्ति के बाद पार्टी केंद्र सरकार के खिलाफ राफेल घोटाला और सहारा बिरला डायरी का केस दर्ज कराएगी।


गोपाल राय ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दबाव के बाद केंद्र सरकार को लोकपाल नियुक्त करना पड़ा। लोकपाल की नियुक्ति सरकार बनने के बाद ही होनी चाहिए थी। उन्होंने देश में आचार संहिता लागू हो जाने और पहले चरण का नोटिफिकेशन जारी होने के समय लोकपाल की नियुक्ति पर सवाल खड़ा किया। आप नेता ने कहा कि लोकपाल की नियुक्ति के फैसले के बाद देश में खुशी का माहौल है। यह देश में भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि जेपी आंदोलन के बाद जनलोकपाल का आंदोलन देश का सबसे बड़ा आंदोलन था। इस दौरान देश की संसद ने सर्वसम्मति से लोकपाल नियुक्त करने का फैसला किया था लेकिन उसके बाद कांग्रेस ने जो किया वो सब जानते हैं। भ्रष्टाचार से परेशान लोगों ने केंद्र सरकार को बदल दिया।