जन-जन तक पहुंचेगी कांग्रेस की साईकिल यात्रा शीला दीक्षित


नई दिल्ली, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शीला दीक्षित के निर्देश पर आज प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में लोकसभा चुनावों के प्रचार की तैयारियों को लेकर दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के अन्तर्गत आने वाली 25 विधानसभाओं में आगामी 01 अप्रैल से साईकिल यात्रा निकालने की रुपरेखा बनाने के लिए जिलावार बैठकें की गई।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने कहा कि दिल्ली में लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के प्रचार के लिए जो कार्यक्रम तैयार किया है आप लोग उसको अपने-अपने क्षेत्रों में लोगां को बताऐं। उन्होंने कहा कांग्रेस पूरे देश की पार्टी है, कांग्रेस किसी क्षेत्र राज्य में सीमित नही है। दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस के प्रचार में हमारा दायित्व बहुत ही अहम है क्योंकि कांग्रेस पार्टी दिल्ली में जो भी करती है उसका असर पूरे देश में पड़ता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली में अपने 15 वर्ष के शासन में जितना काम किया उतना कभी भी किसी भी सरकार ने नही किया, हमें कांग्रेस के द्वारा किए गए कामों को लोगों को बताना है।


श्रीमती दीक्षित ने कहा कि मैं दिल्ली में भाजपा के सातों सांसदों से पूछना चाहती हू कि उन्होंने अपने 5 वर्ष के कार्यकाल में दिल्ली के लिए कुछ काम किए है, उनके पास दिल्लीवासियों को बताने के लिए कुछ है। दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस की साईकिल यात्रा हाथ के साथ-साईकिल यात्रा के संदेश के साथ जन-जन तक पहुचेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक पार्टी है और वह लोगों की सेवा करती है। उन्होंने दिल्ली के लोगों का आव्हान किया कि वे साईकिल यात्रा में बढ़-चढ कर हिस्सा लें और आने वाले लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सातों सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों को विजयी बनाऐं।


प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने बताया कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रचार के लिए 01 अप्रैल, 2019 से साईकिल यात्रा निकाली जाऐगी। साईकिल यात्रा प्रतिदिन दो विधानसभाओं में निकाली जाऐगी और विधानसभाओं के साईकिल यात्रा के लिए रुट बना लिए गए है। यादव ने बताया कि साईकिल यात्रा में 1000 साईकिल सवार जिनमें महिलाएं भी शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि साईकिल सवारों के लिए रात को रुकने के स्थान चिन्हित करके उनके रहने, खाने व अन्य सुविधाओं का प्रबंध किया गया है।


श्री यादव ने कहा कि यात्रा निकालते समय वहां की आरडब्लूए को भी जोड़ा जाऐगा क्योंकि आरडब्लूए के लोग क्षेत्रीय लोगों से सीधे जुड़े होते हैं। इसके अलावा क्षेत्र की सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं, मार्केट एसोसिएशनों, गांवों के प्रधानों से भी चर्चा की जाऐगी क्योंकि ये कांग्रेस के प्रचार में सहायता करने के लिए अहम भूमिका निभा सकते है। उन्होंने कहा कि साईकिल यात्रा के दौरान हमें प्रत्येक विधानसभा में एक बैठक का भी आयोजन भी किया जाऐगा जिसमें क्षेत्रीय कांग्रेस पदाधिकारियों सहित वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ क्षेत्रीय लोगों को भी आमंत्रित किया जाऐगा।


दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शीला दीक्षित, कार्यकारी अध्यक्ष देवेन्द्र यादव, हारुन यूसूफ और राजेश लिलौथिया ने तिलक नगर जिला, नजफगढ़ जिला, महरौली जिला, बदरपुर जिला और नई दिल्ली जिला कांग्रेस कमेटी की अलग-अलग बैठकें ली, जिनमें जिला अध्यक्ष, पूर्व विधायक, विधायक उम्मीदवार, निगम पार्षद, निगम चुनाव लड़े उम्मीदवारों के अलावा जिला पदाधिकारी भी मुख्य रुप से मौजूद थे। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव दिल्ली प्रभारी कुलजीत सिंह नागरा, कांग्रेस कमेटी के सचिव चै. अनिल कुमार, पूर्व सांसद रमेश कुमार, दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. योगानन्द शास्त्री, मंगतराम सिंघल, रमाकांत गोस्वामी, जितेन्द्र कुमार कोचर और डॉ. नरेन्द्र नाथ भी मौजूद थे।