भाजपा को जिताने में जुटी है कांग्रेस: आप


नई दिल्ली, आम आदमी पार्टी (आप) और उसके नेता दिल्ली में लोकसभा चुनाव के लिए उनके गठबंधन के प्रस्ताव को कांग्रेस द्वारा ठुकराए जाने से नाराज हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कहना है कि इससे मोदी विरोधी वोट बंट जाएंगे। ऐसा कर कांग्रेस भाजपा को लाभ पहुंचाने जा रही है। इससे इतर आज (मंगलवार को) कांग्रेस के दिल्ली नेतृत्व के नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। जहां उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि राज्य में लोकसभा के लिए किसी प्रकार का गठबंधन नहीं किया जाना चाहिए।


बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित ने कहा कि पार्टी दिल्ली में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। गठबंधन की अंतिम आशा भी समाप्त होते देख आम आदमी पार्टी के नेता खुलकर कांग्रेस पर हमला करने लगे हैं। इसी क्रम में पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि ऐसे समय में, जब पूरा देश मोदी-शाह की जोड़ी को हराना चाहता है, कांग्रेस भाजपा विरोधी वोटों को विभाजित कर भाजपा की मदद कर रही है। अफवाह तो यह भी चल रही है कि कांग्रेस-भाजपा के बीच आपस में कोई गोपनीय बातचीत हुई है लेकिन आप कांग्रेस-भाजपा गठबंधन के खिलाफ लड़ने के लिए तैयार है।


आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में इस मुद्दे पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस पिछले कुछ दिनों से लुकाछिपी का खेल खेल रही थी। इससे यह साफ पता चलता है कि देश की भावना अलग है और कांग्रेस की भावना अलग। उन्होंने इसे कांग्रेस का भाजपा से अघोषित गठबंधन बताया और कहा कि इस बार जनता कांग्रेस-भाजपा के इस अघोषित गठबंधन का जवाब देगी। गोपाल राय ने कहा कि जिस तरह से देश भर में कांग्रेस स्वतंत्र उम्मीदवार खड़ा करने पर उतारू है, यह संशय पैदा करता है कि कांग्रेस, भाजपा के साथ अघोषित रूप से मदद करने के लिए तैयार है। कांग्रेस जानबूझकर राष्ट्र के मूड के खिलाफ जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले चार साल से कांग्रेस वही भाषा बोल रही है जो भाषा भाजपा बोलती है।


आप नेता का कहना था कि कांग्रेस केवल दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरे देश में भाजपा की मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दिल्ली से बाहर उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन के खिलाफ भाजपा की मदद कर रही है। वहीं पश्चिम बंगाल में भी ममता बनर्जी के खिलाफ कांग्रेस भाजपा को मदद कर रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री व आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी गठबंधन नहीं होने के बाद ट्वीट कर कांग्रेस पर निशाना साधा है।