स्थायी समिति अध्यक्ष ने घोघा डेयरी का निरीक्षण किया


नई दिल्ली, उत्तरी दिल्ली नगर निगम में स्थायी समिति की अध्यक्ष, वीना विरमानी ने आज निगमायुक्त, वर्षा जोशी के साथ घोघा डेयरी क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान पार्षद रविंदर भारद्वाज व सविता खत्री पूर्व पार्षद मोहन प्रसाद भारद्वाज अतिरिक्त आयुक्त (अभियांत्रिकी) डॉ. बी.एम. मिश्रा अतिरिक्त आयुक्त (शिक्षा) आर.एस. मीणा उपायुक्त पंकज सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।


घोघा डेयरी के निरीक्षण के दौरान, विरमानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे उन प्लॉट मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करें जिन्होंने अभी तक अपने प्लॉट पर पशुपालन संबंधी काम करना शुरू नहीं किया है, क्योंकि ये प्लॉट इसी कार्य हेतु उपलब्ध कराए गए थे। उन्होंने क्षेत्र में पानी की सुविधा का भी जायजा लिया और इसे संतोषजनक पाया। विरमानी ने अधिकारियों को क्षेत्र में सफाई की स्थिति में और सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान, स्थानीय लोगों ने विरमानी को क्षेत्र में अपेक्षित सुरक्षा ना होने की समस्या से अवगत कराया। इस पर विरमानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह इस स्थिति के बारे में दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर अवगत कराए।


विरमानी ने क्षेत्र में दिल्ली सरकार के पशु चिकित्सा अस्पताल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें पता चला कि अस्पताल में पिछले एक साल से जरूरी दवाइयां उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस संबंध में दिल्ली सरकार को पत्र लिखकर वस्तुस्थिति से अवगत कराएं।