पंडित दीन दयाल उपाध्याय की 51वीं पुण्यतिथि पर :भा.ज.पा.के अध्य्क्ष अमित शाह ने कहा


नई दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वैचारिक मार्गदर्शक दीन दयाल उपाध्याय की 51वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को दीनदयाल उपाध्याय पार्क में दिल्ली भाजपा द्वारा समर्पण दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतम, राष्ट्रीय मंत्री तरुण चुघ, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी, दिल्ली प्रदेश के लोकसभा प्रभारी जयभान सिंह पवैया, प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया, रविन्द्र गुप्ता, कुलजीत चहल, केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल, सांसद मिनाक्षी लेखी, सांसद प्रवेश वर्मा, सांसद महेश गिरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय समेत राष्ट्रीय व दिल्ली प्रदेश के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।



कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि आज का दिन हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है, आज ही के दिन मुगल सराय रेलवे स्टेशन जो आज पंडित दीनदयाल रेलवे स्टेशन के नाम से जाना जाता है वहां उनकी निर्मम हत्या कर दी गई थी। पार्टी का काम करते-करते आज ही के दिन पंडित ने अपना बलिदान दिया। भाजपा अपने स्थापना काल से इस दिन को समर्पण दिवस के रूप में मनाती है।


शाह ने कहा, यदि साधन वैध नहीं है, तो हमारे लक्ष्यों को सही तरीके से हासिल नहीं किया जा सकता। यदि पार्टी को साफ रखना है.... यदि पार्टी धनाढ्यों, बिल्डरों, ठेकेदारों और काला धन रखने वालों के धन से चलने लगेगी, तो इससे हमारी छवि धूमिल होगी और हम लक्ष्य हासिल नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि इस बात पर सार्वजनिक चर्चा होनी चाहिए कि चुनाव खर्चों को कैसे कम किया जा सकता है और चुनाव के लिए मिलने वाले चंदे की प्रक्रिया को साफ सुथरा कैसे बनाया जा सकता है। उन्होंने इस बात पर भरोसा जताया कि इस तरह की प्रक्रिया भाजपा के नेतृत्व में आरंभ होगी।


शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने नकद चंदे को 2000 रुपए तक सीमित कर राजनीति में काले धन के प्रभाव को कम करने के लिए कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कानून इतने कड़े किए गए हैं कि इन्हें तोड़ने वाला पकड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि घोटालों में शामिल लोगों के दिल्ली की सर्दी में भी पसीने छूट रहे हैं। शाह ने दावा किया कि भगोड़े कारोबारी विजय माल्या और नीरव मोदी देश से इसलिए भाग गए क्योंकि मोदी सरकार ने उनके जैसे आरोपियों को सलाखों के पीछे डालना शुरू कर दिया।


समर्पण दिवस के अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्मदिन और उनकी पुण्यतिथि पर देश भर में जो हम कार्यक्रम करते हैं ये उसके स्थायी कार्यक्रम हैं। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय का पुण्यस्मरण हमारे सभी कार्यकर्ताओं के मन में रहे और वे उनसे प्रेरणा लें इस दृष्टि से हमने इन कार्यक्रमों की रचना की है। पंडित ने न केवल जनसंघ की रचना की बल्कि पार्टी को खड़ा करने में भी उनका अमूल्य योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के बलिदान के पश्चात पार्टी की बागडोर जिन लोगों के कन्धों पर आई उनमे प्रमुख महामंत्री के रूप में कार्य कर रहे पंडित ही थे।


उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन न केवल भारतीय जनता पार्टी के लिए बल्कि सभी दलों के लिए एक रोल मॉडल का जीवन है। एक बड़े स्थान पर पहुँच कर भी कैसे सादगी से रहा जा सकता है, सभी से कैसे सम्बन्ध बनाये जा सकते हैं, सभी कार्यकर्ताओं की चिंता करते हुए संगठन का विस्तार भी कैसे किया जा सकता है ये पंडित ने सभी को बड़े ही सहज रूप से बताया है। भारतीय जनसंघ की स्थापना दुनिया में भारत को सम्मान दिलाने के लिए हुई है और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन से प्रेरणा लेते हुए हमारी पार्टी त्याग तपस्या और बलिदान करते हुए इस ही लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रही है।


दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का नाम लेते ही मन में अन्त्योदय, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, एकात्म मानववाद जैसी भावनाओं का प्रसार होने लगता है। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जब हमने 6 करोड़ लोगों तक उज्ज्वला योजना का गैस कनेक्शन पहुंचा दिया, जब इस देश के करोड़ों घरों में शौचालय बन गया तो लगा कि पंडित की अन्त्योदय योजना सफल हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर आपके घर में कोई होगा बीमार, तो 5 लाख रुपये तक का इलाज कराएगी मोदी सरकार, अगर ये अन्त्योदय नहीं है तो क्या है। राष्ट्रवाद और देश सेवा के कार्यों को आगे बढाने के लिए सगठन को इंधन की आवश्यकता होती है। मैं सभी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि समर्पण दिवस के अवसर पर आप नमो एप के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी को 5 रूपए से लेकर 1000 रुपए तक डोनेट करें।


दिल्ली सर्च समाचार पत्र में कोई समाचार प्रकाशित करवाना चाहे तो हमारे Whatsapp no.9599759737 या हमारी Email id delhisearch59@gmail.com पर भेज सकते हैं