खुशहाल दिल्लीवासियों के लिए एक सुंदर दिल्ली बनायें- शीला दीक्षित


नई दिल्ली, आदर्श नगर जिला कांग्रेस कमेटी ने रविवार को एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया। भव्य एवं गरिमापूर्ण सम्मेलन में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती शीला दीक्षित का उत्साहित कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं सम्मान किया। सम्मेलन का आयोजन जिला अध्यक्ष हरि कृष्ण जिंदल के कुशल नेतृत्व में किया गया।


आदर्श नगर जिला कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती शीला दीक्षित के साथ, अखिल भारतीय कांग्रेस समिति से दिल्ली के प्रभारी पी.सी.चाको एवं कार्यकारी अध्यक्ष हारुन यूसूफ, देवेन्द्र यादव और राजेश लिलौथिया, दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री मंगतराम सिंघल, दिल्ली महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी, श्रीमती अंजलि राय, मुकेश गोयल, हरी शंकर गुप्ता, चमन लाल शर्मा, कमल कान्त शर्मा, देवराज अरोड़ा, सतीश लूथरा एवं चतर सिंह सहित हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।


कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्रीमती शीला दीक्षित ने सर्वप्रथम आदर्श नगर जिला कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारी तादाद में सम्मेलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति इस बात की परिचायक है कि दिल्ली में कांग्रेस एकता और एकजुटता के साथ भ्रष्ट और सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ कमर कस कर मैदान में उतर पड़ी है। कार्यकर्ता हमेशा से कांग्रेस की असली ताकत रहे हैं हम सब कांग्रेस के सैनिक हैं और हम सब मिलकर देश और दिल्ली में विघटनकारी तथा समाज विरोधी ताकतों को जड़ मूल से समाप्त करने में सक्षम हैं।


प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती शीला दीक्षित ने कहा कि आप सभी का जोश और हौसला अब जल्द ही दिल्ली वासियों को भाजपा और आप पार्टी के निकम्मेपन से छुटकारा दिलाने वाला है। हम सब मिलकर दिल्ली की जनता के सहयोग से दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर विजय प्राप्त कर केंद्र में अपने प्रिय नेता राहुल गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार बनाने में अपना अमूल्य योगदान करेंगे।


श्रीमती शीला दीक्षित ने कहा कि दिल्ली वासी अपना मन बना चुके हैं कि खोखले वादों और जुमलेबाजी वाली भाजपा सरकार की केंद्र की सत्ता से विदाई की शुरुआत देश की राजधानी दिल्ली से ही प्रारंभ होगी। भाजपा सरकार ने नोटबंदी, जीएसटी और सीलिंग की वजह से दिल्ली और दिल्लीवासियों के जीवन को तहस-नहस करके रख दिया है। रही सही कसर दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार ने अपने शासनकाल के 4 साल में पूरी कर दी है। अन्ना आंदोलन से उपजी भाजपा की बी टीम, आम आदमी पार्टी की केजरीवाल सरकार ने दिल्ली वासियों का जीवन दूभर कर दिया है।


श्रीमती शीला दीक्षित ने कहा कि आज भी दिल्ली के नागरिक कांग्रेस शासन काल के वह 15 वर्ष याद करते हैं जिसमें दिल्ली ने देश में ही नहीं बल्कि विश्व में एक विशेष पहचान बनाने का गौरव प्राप्त किया था। दिल्ली वासियों का जीवन सुखी और खुशहाल था, चारों और हरियाली थी, प्रदूषण समाप्त हो चुका था, सड़कों पर फूट ओवर ब्रिजों और फ्लाई ओवरों का एक जाल फैल चुका था, पर्याप्त रूप में परिवहन साधन उपलब्ध थे, मेट्रो के विस्तार में उन्नति हो रही थी और बच्चों का सुखी भविष्य और जीवन खुशहाल दिखाई पड़ रहा था। शिक्षा और बिजली के क्षेत्र में कांग्रेस सरकार ने अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की थी। मगर केजरीवाल सरकार के 4 वर्ष के शासनकाल में दिल्ली की विकास गति पूर्ण रूप से रुक चुकी है। मौजूदा आप सरकार अपने निकम्मेपन को भाजपा के साथ नूरा कुश्ती लड़ते हुए छुपाने का प्रयास करती रहती है। अब वक्त आ गया है जब हम दिल्ली वासियों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता पूर्वक करते हुए मिलकर काम करें और खुशहाल दिल्लीवासियों के लिए एक सुंदर दिल्ली बनायें।