जानबूझ कर कन्हैया व अन्य आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रहे है केजरीवाल: मनोज तिवारी


नई दिल्ली, तालकटोरा स्टेडियम में मिशन मोदी, पीएम अगेन की टीम द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि नकारात्मक राजनीति कर कांग्रेस की सरकार ने 55 वर्षों तक सत्ता में रहकर देश पर शासन किया। यह वहीं कांग्रेस है जिसने स्वार्थपरक राजनीति के सामने देशहित को नकारते हुए जेएनयू के पूर्व छात्र नेता कन्हैया कुमार, उमर खालिद, अनिर्बान भट्टाचार्य और सात अन्य कश्मीरी छात्रों द्वारा देश के टुकड़े-टुकड़े होने की कामना करने वालों का समर्थन किया और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश विरोधी नारे लगाने वालों को निर्दोष बताते हुए उनके बचाव में हर संभव प्रयास करते हुए कांग्रेस के अधिवक्ताओं की पूरी टीम को सक्रिय कर दिया।


तिवारी ने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल ने एक कदम आगे बढ़ते हुए कन्हैया कुमार से कई बार मुलाकात की व बंगाल में हाल ही में संविधान का मखौल उड़ाते हुए ममता बनर्जी सरकार द्वारा सीबीआई जैसी सवैंधानिक संस्था जो कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर शारदा चिट फड़ घोटाले की जांच करने के लिए बंगाल पुलिस कमीशनर राजीव कुमार से पूछताछ करने गई थी उसे रोकना उनके साथ दुव्र्यवहार करना व धरने पर बैठने वाली ममता बनर्जी का साथ देकर केजरीवाल ने यह स्पष्ट कर दिया कि केजरीवाल सवैंधानिक संस्थाओं व संविधान में आस्था न रखने वाले देश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री होगें। उन्होंने कहा कि जेएनयू में हुए देशद्रोह का मामला न्यायलय के सम्मुख है, न्यायलय ने सुनवाई करते हुए केजरीवाल सरकार को कहा कि वो केस से सम्बन्धित फाईल को दबा कर नहीं रख सकती है, जल्द से जल्द उसे मंजूरी दे। केजरीवाल आरोप पत्र अध्ययन का बहाना बनाकर जानबूझ कर कन्हैया व अन्य आरोपियों के बचाव करने का काम कर रहे हैं जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि अपने स्वभाव स्वरूप अराजकता की स्थिति बनाने के लिए केजरीवाल ने न्यायलय की प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने का कार्य किया है।


तिवारी ने कहा कि दिल्ली की जनता द्वारा चुने गये प्रतिनिधि और सवैंधानिक पद पर बैठने के बावजूद केजरीवाल का यह आचरण निंदनीय है। देश के टुकड़े-टुकड़े करने वाली गैंग का संरक्षण कर केजरीवाल देश व दिल्ली की जनता के साथ विश्वासघात कर रहे हैं। देश से ऊपर कुछ नहीं होता लेकिन केजरीवाल देशद्रोह के आरोपियों का साथ देकर उनके बचाव का हर संभव प्रयास करना चाहते है। भाजपा के लिए देश सर्वोपरि है और देश हित को ध्यान में रखते हुए भाजपा सदैव इस घटना की निन्दा करती है। देश में रहकर देश विरोधी गतिविधियों को अन्जाम देने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए भाजपा हर मुमकिन प्रयास करती रहेगी। दिल्ली भाजपा यह मांग करती है कि जेएनयू देश द्रोह के मामले पर केजरीवाल जल्द से जल्द दिल्ली पुलिस को जरूरी अनुमति दे अन्यथा देश व दिल्ली की जनता आगामी चुनावों में इसका उचित जवाब आप को जरूर देगी।


तिवारी ने कहा कि देश में आज सकारात्मक राजनीति का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश नित नवीन कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। आज भारत दुनिया की 5 सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक हो चुका है। चीन और पाकिस्तान जो हमारे क्षेत्र में निरंतर घुसपैठ करते थे इन देशों को अब उन्हीं की भाषा में उत्तर मोदी सरकार दे रही है। जय जवान जय किसान और जय विज्ञान का नारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चरितार्थ में हो रहा है। देश आर्थिक महाशक्ति बनने जा रहा है। मोदी जी के नेतृत्व को दुनिया में हर जगह सराहा जा रहा है। एक तरफ दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल के कर्म है जो संविधान व देशहित को धवस्त करने में अपना समय लगाते है वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कर्म है जो देश सेवा को सर्वोच्च सेवा मानते है। आज हम सब को यह संकल्प लेना है कि दिल्ली की सातों सीटे जीतकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 2019 में पुनः प्रधानमंत्री बनाना है।