हैप्पी क्लिनिक बन गया डर्टी क्लिनिक


नई दिल्ली, बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में एक हैप्पी क्लिनिक के डॉक्टर ने एक महिला मरीज से छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। डॉक्टर ने भी अपनी गलती पीड़िता के परिवार वालों के समक्ष मानी। डॉक्टर की पहचान जसमीत सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय महिला परिवार के साथ सुल्तानपुरी इलाके में रहती है। पिछले साल ही उसकी शादी हुई है। गुरुवार शाम को महिला की कमर में दर्द हुआ था। वह अपनी मां के साथ क्लिनिक में डॉक्टर जसमीत को दिखाने आई थी। महिला का आरोप है कि क्लिनिक में डॉक्टर ने उसे करीब सवा घंटे तक बैठाया और चेकअप करने के बहाने उसके साथ शारीरिक छेड़छाड़ भी की। उसने उसका फ्री में उपचार करने की भी बात की लेकिन उसके लिए उसने कुछ गंदी शर्त रखी। डॉक्टर ने उसका चेकअप करने के बहाने निजी अंगों को छुआ, जिसके बाद वह वहां से भागकर अपने घर आ गई। पीड़िता की मां को इस बीच कई बार बहाने से दवाई लेने के लिए क्लिनिक से बाहर भेज दिया था। शुक्रवार को महिला ने परिवार वालों को आपबीती बताई। पुलिस को वारदात की सूचना दी। पुलिस ने महिला का मेडिकल कराया। महिला ने लिखित शिकायत में डॉक्टर के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने डॉक्टर को उसके क्लिनिक से हिरासत में ले लिया।