दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी चुनाव समिति की हुई बैठक


नई दिल्ली, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की चुनाव समिति की बैठक गुरूवार को प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कांग्रेस कमेटी के महासचिव प्रदेश प्रभारी पी.सी. चाको, सह प्रभारी सचिव कुलजीत सिंह नागरा सहित समिति के सभी सदस्य मौजूद थे। बैठक में सर्वप्रथम पुलवामा में शहीद हुए जवानों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। उसके बाद प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित ने एक प्रस्ताव रखा जिसकी कॉपी संलग्न की जा रही है।



शीला दीक्षित ने प्रस्ताव में कहा कि यह बैठक सर्वसम्मति से दिल्ली की सभी लोकसभा की सातों सीटों के उम्मीदवारों का चयन करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को अधिकृत करती है। राहुल गांधी जी दिल्ली के लिए जो भी फैसला करेंगे, दिल्ली के कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी लगन और कर्मठता के साथ उसे विजयी बनाने में जी जान से जुट जाऐंगे। प्रस्ताव का समर्थन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चैपड़ा ने किया और मौजूद सभी सदस्यों ने एकजुट होकर हाथ उठाकर अपना समर्थन दिया।


बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष हारुन यूसूफ, देवेन्द्र यादव और राजेश लिलोठिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन, पूर्व सांसद जनार्दन द्विवेदी, सुभाष चैपड़ा, जय प्रकाश अग्रवाल, अरविन्दर सिंह, पूर्व सांसद रमेश कुमार और परवेज हाश्मी, पूर्व मंत्री दिल्ली सरकार, मंगत राम सिंघल, प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत गोस्वामी और जितेन्द्र कुमार कोचर मुख्य रुप से शामिल थे।