देश में सभी समाज को एक साथ जोड़ने का कार्य कर रही है भाजपा: सांसद प्रवेश वर्मा


नई दिल्ली, दिल्ली भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष मोहन लाल गिहारा के नेतृत्व में आज नजफगढ़ जिला के अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष हरी राम सोलंकी की अध्यक्षता में हस्तसाल गांव में अनुसूचित जाति मोर्चा के हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने संगत में बैठकर सहभोज किया। इस कार्यक्रम में स्थानीय सांसद प्रवेश वर्मा, भाजपा नजफगढ़ जिला अध्यक्ष सुमन प्रकाश शर्मा, मोर्चा महामंत्री राहुल गौतम एवं लाजपत राय भी सहभोज में सम्मिलित होकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।


सांसद प्रवेश वर्मा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा, सबका साथ सबका विकास की विचारधारा पर आगे बढ़ते हुए दिल्ली एवं देश में सभी समाज को एक साथ जोड़ने का कार्य कर रही है। इसी कड़ी में दिल्ली भाजपा ने ऐतिहासिक रामलीला मैदान में समरसता खिचड़ी का सफल आयोजन किया था। इस निमित्त दिल्ली के सभी 14 जिलों में मोर्चा के कार्यकर्ता एकजुट होकर एक साथ सहभोज करके समरसता को बढ़ावा देने के लिए कार्य करेंगे।


मोहन लाल गिहारा ने इस सहभोज में आये सभी कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया और कहा कि हम सभी को एक साथ मिलकर देश को बांटने वाली पार्टियों से बचकर 2019 में नरेन्द्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाना है। हर व्यक्ति को घर-घर जाकर केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार करना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमारे समाज के कल्याण के लिए जो भी योजनायें लागू की हैं वो पिछली किसी भी सरकार ने नहीं कीं। कांग्रेस पार्टी ने केवल हमें वोट बैंक के रूप में उपयोग किया है। अब समय आ गया है कि अनुसूचित जाति के सभी लोगों को एकत्र होकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पुनः 2019 में देश की बागडोर सौंपने हेतु भाजपा के पक्ष में मतदान करना है।


गिहारा ने बताया कि दिल्ली भाजपा के आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाने के लिए ऐसे सहभोज सभी 14 जिलों में आयोजित किये जायेंगे। इस सहभोज में अनुसूचित जाति से जुड़े सभी समाज एक मंच पर आकर एक साथ भोजन करेंगे जिससे हमारे समाज में समरसता आयेगी।