विजय गोयल ने केजरीवाल सरकार के खिलाफ शुरू किया बजेगा ढोल खुलेगी पोल अभियान


नई दिल्ली, केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल ने रविवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए बजेगा ढोल खुलेगी पोल अभियान शुरू किया। इस दौरान मंच पर मौजूद भाजपा नेता भगवा के बजाय काले रंग की टोपी पहने नजर आए। इनकी टोपियों पर केजरीवाल भगाओ, दिल्ली बचाओ का संदेश अंकित था। केंद्रीय मंत्री विजय गोयल के अलावा मंच पर भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, आम आदमी पार्टी (आप) के बागी विधायक कपिल मिश्रा और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के राष्ट्रीय प्रवक्ता और दिल्ली विधानसभा के सदस्य मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे। मनोज तिवारी और विजय गोयल ने ढोल बजाकर इस आंदोलन की शुरूआत करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि कामचोर केजरीवाल सरकार को दिल्ली से विदाई दी जाए।


केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने कहा कि मोहल्ला क्लिनिक का जो ड्रामा किया गया है, वह सिर्फ केजरीवाल की फोटो सड़कों पर लग जाए, इसलिए किया गया। न वहां ढंग की दवाइयां हैं और न वहां डॉक्टर हैं। 1000 मोहल्ला क्लिनिक की जगह केवल 200 मोहल्ला क्लिनिक खोले गए। उन्होंने कहा कि दिल्ली आज विश्व का सबसे प्रदूशित शहर बन गया है। पीएम 2.5 और 10-लेवल 400 के पार हो गया है, जिसके लिए सिर्फ और सिर्फ दिल्ली सरकार जिम्मेदार है। प्रदूषण कम करने के लिए 1200 करोड में से एक भी खर्च नहीं किया। केजरीवाल सरकार दिल्ली के इतिहास की सबसे गई गुजरी सरकार है। आंदोलन की शुरुआत के लिए गोयल ने यहां अपने आवास पर पंचायत बुलाई थी। इसमें आरडब्ल्यू, व्यापारी संगठनों, एनजीओ और भाजपा कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।


विजय गोयल ने कहा कि जिस लोकपाल बिल को लेकर केजरीवाल राजनीति में आए थे, सत्ता में आते ही उसी को भूल गए। विजय गोयल ने कहा कि जेएनयू के कन्हैया ने देश के टुकड़े-टुकड़े करने की बात की, उसी देशद्रोही के साथ खड़े हुए हैं। विजय गोयल ने कहा दिल्ली में आज आप कहीं पर भी चले जाएं, चारों तरफ ट्रैफिक जाम है। दिल्ली में पार्किंग की बहुत बड़ी समस्या है। सबसे बड़ी बात यह है कि सारी दिल्ली को स्लम बना दिया है। विजय गोयल ने कहा कि केजरीवाल की तानाशाही न मानने वाले दिल्ली के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश के साथ केजरीवाल ने अपने ही घर में मारपीट की। गोयल ने कहा कि दिल्ली सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही है कि उन्होंने शिक्षा में बहुत खर्च किया है। आपको जानकर आश्चर्य होगा कि हर तीन में से दो बच्चे फेल हो जाते हैं। 500 नए स्कूल का उनका वायदा आज तक पूरा नहीं हुआ और एक भी नया कॉलेज नहीं खुला।