सेनापति के बिना मैदान में खड़ी है विपक्षी सेना: शिवराज सिंह चौहान


नई दिल्ली भारतीय जनता युवा मोर्चा दिल्ली द्वारा रामलीला मैदान में आयोजित युवा विजय संकल्प महारैली-2019 को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा युवा मोर्चा को नरेन्द्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि 2019 का चुनाव केवल एक व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनाने का नहीं बल्कि भारत के मान और सम्मान का चुनाव है।


साथ ही उन्होंने महागठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्षी सेना बिना सेनापति के मैदान में खड़ी है। मध्य प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा युवा मोर्चा की युवा विजय संकल्प महारैली में केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ लामबंद हुए कांग्रेस सहित 22 दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सामने वाली सेना में सेनापति का पता नहीं, बारात तैयार है लेकिन घोड़ी पर बैठे कौन इसका कोई ठिकाना नहीं। बिना दुल्हा की घोड़ी कितनी आगे जाएगी। अगर चार-छह बैठ गए तो घोड़ी दुल्हन के पास पहुंचेगी भी या नहीं, कोई ठिकाना नहीं।


शिवराज ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि चौकीदार को चोर कहने वालों दुनिया को पता है कि चोर कौन है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि अपने-अपने राज्यों में भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड बनाने वाले यह दल मोदी का मुकाबला कैसे कर सकते हैं। दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में आयोजित विपक्षी दलों की रैली में अरविंद केजरीवाल भी मौजूद थे, जो कभी पानी पी-पीकर कांग्रेस को कोसते थे।


चौहान ने कहा कि ये लोग भाजपा और मोदी नुमा बाढ़ में बह जाने के डर से एकजुट हुए हैं। उन्होंने कहा कि भले ही यह लोग आपस में हाथ मिला रहे हों लेकिन इनके दिल नहीं मिल पाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वाले अबकी बार राहुल सरकार, बंगाल वाले ममता सरकार और उत्तर प्रदेश वाले अबकी बार माया सरकार का नारा बुलंद कर रहे हैं। उन्होंने युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को अगले चार माह तक पूरा समय पार्टी को देकर दिल्ली की सातों लोकसभा सीटें जिताने का संकल्प दिलाया।


वहीं उन्होंने आगे कहा कि मध्य प्रदेश में आधी-अधूरी, लंगडी सरकार भाजपा भी बना सकती थी। किंतु हमने निश्चय किया था कि जब भी सरकार बनाएंगे, शानदार बहुमत से बनाएंगे। उन्होंने कहा कि इस बार में मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनावों में कुछ अलग ही हुआ है। वोट प्रतिशत पर भाजपा आगे रही किंतु सीटों के मामले में कांग्रेस 5 सीटें आगे निकल गई। लोकसभा सीटों की दृष्टि से भी हम 17 सीटों पर आगे रहे जबकि कांग्रेस 12 पर ही अपनी बहुमत बना सकी। युवाओं को सम्बोधित करते हुए उन्होनें युवाओं को वचन दिया कि भाजपा को आगामी लोकसभा चुनाव में वह मध्य प्रदेश में 27 सीटों से ज्यादा जीतायेंगे और युवाओं से वचन लिया कि वह दिल्ली की सातों सीटों पर भाजपा को विजयी बनाए।


दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की योजनाओं का भली भांति अध्ययन कर जनता के बीच जाने का आह्वान किया। उन्होंने गुजरात में सरदार वल्लभ भाई पटेल की विशाल प्रतिमा स्टेच्यू ऑफ यूनिटी का जिक्र करते हुए कहा कि वहां बने बांध से दो हजार मेगावाट बिजली पैदा हो रही है, जिससे हजारों गांवों को बिजली मिलनी शुरू हो गई है। युवा मोर्चा के लोग इसका अध्ययन कर दिल्ली में घर-घर जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम विपक्ष के सवालों का जवाब ढूंढे और धरातल पर लोगों के बीच जाएं।


इस महारैली में राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल जैन, केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं दिल्ली भाजपा प्रभारी श्याम जाजू, सह-प्रभारी व राष्ट्रीय सचिव तरूण चुघ, दिल्ली लोकसभा सह-प्रभारी जयभान सिंह पवैया, मिजोरम प्रभारी पवन शर्मा, सांसद मीनाक्षी लेखी, प्रवेश वर्मा, महेश गिरी व डॉ. उदित राज, प्रदेश महामंत्री रविन्द्र गुप्ता, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता, राष्ट्रीय युवा मोर्चा महामंत्री सौरभ चैधरी, कार्यक्रम संयोजक एवं दिल्ली भाजपा उपाध्यक्ष अभय वर्मा, जय प्रकाश, राजीव बब्बर, युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव, डॉ. मोनिका पंत, दिल्ली युवा मोर्चा प्रभारी मनोज त्यागी, भाजपा नेता एवं भाजपा युवा मोर्चा के युवा नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।