सत्येंद्र जैन ने किया राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में प्रमुख सेवाओं का उद्घाटन


नई दिल्ली, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने मंगलवार को शाहदरा स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में दो सौ अतिरिक्त बेड, सीटी स्कैन, डिजिटल एक्स-रे और पैथ लैब जैसी प्रमुख सेवाओं का उद्घाटन किया। जैन ने समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल की मौजूदगी में कहा कि यह अस्पताल ईस्ट दिल्ली के अंदर दिल्ली सरकार का फ्लैगशिप अस्पताल है। जैन ने कहा कि ये अस्पताल दिल्ली का दूसरा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल है, जो देश के दस शीर्ष अस्पतालों में शुमार है। उन्होंने कहा कि कोशिश करेंगे कि ये अस्पताल जल्द ही देश के शीर्ष अस्पतालों की सूची में पहले स्थान पर आ जाए। उन्होंने अस्पताल के अधिकारियों से कहा कि वो वहां एक बढ़िया जिम, फिजियोथैरेपी, डांस, योगा और मेडीटेशन के लिए रूम बनवाएं। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि गुरु तेगबहादुर अस्पताल(जीटीबी) में एक नया प्रयोग शुरू किया है, डांस क्लास का। आज के समय में डॉक्टर और स्टाफ का मरीजों से लगाव कम हो रहा है। इस प्रयोग के तहत उस लगाव को बरकरार रखने की कोशिश की जा रही है। इससे मरीजों का डॉक्टर पर विश्वास बढ़ेगा और इलाज जल्दी हो सकेगा।