सांसद और उप-महापौर ने गिरी चैपाल में सुनी लोगों की समस्याएं


नई दिल्ली, पूर्वी दिल्ली से सांसद महेश गिरी तथा पूर्वी दिल्ली की उप-महापौर, सुश्री किरण वैद्य ने वार्ड संख्या ई-1, त्रिलोकपुरी में आयोजित गिरी चैपाल में स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को उन समस्याओं के समाधान के उचित दिशा निर्देश भी दिये। इस मौके पर पूर्वी दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों के अलावा डी.डी.ए, दिल्ली पुलिस, बी.एस.ई.एस, डी.टी.सी के अधिकारी भी उपस्थित थे। इनके अतिरिक्त आर.डब्ल्यू.ए के पदाधिकारी तथा स्थानीय नागरिक भी मौजूद थे।


गिरी चैपाल में सांसद महेश गिरी ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पूर्व अब तक विभिन्न क्षेत्रों में गिरी चैपाल आयोजित की जा चुकी हैं जिसमें क्षेत्र की जनता ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया और अपनी समस्याओं से संबंधित विभाग को अवगत ही नहीं करवाया बल्कि उनका उचित समाधान भी करवाया। महेश गिरी ने कहा कि क्षेत्र की जनता को सुव्यवस्थित, सुरक्षित तथा स्वच्छ वातावरण उपलब्ध करवाना ही गिरी चैपाल का मुख्य उद्देश्य है। गिरी ने कहा कि गिरी चैपाल का लक्ष्य जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का प्रत्यक्ष निराकरण करना है।


उपमहापौर किरण वैद्य ने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान करना एवं उनकी समस्याओं को यथासंभव निराकरण करना निगम का प्रथम दायित्व है। उन्होने कहा कि इस दिशा में गिरी चैपाल सकारात्मक रूप से कार्य कर रही है। चैपाल में आये सभी लोगों ने अपनी समस्याओं को सांसद के सम्मुख रखा। सांसद गिरी ने चैपाल में संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान हेतु कार्यवाही करने के लिए उचित निर्देश जारी किये।