मीरा मॉडल स्कूल में गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ आयोजन


नई दिल्ली, जनकपुरी स्तिथ मीरा मॉडल स्कूल में शुक्रवार को गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय की हेड गर्ल वानी नेगी और हेड बॉय इकजोत सिंह ने सभी उपस्थित विद्यार्थियों और अध्यापकों का स्वागत करते हुए गणतंत्र दिवस की भूमिका और प्रासंगिकता स्पष्ट करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। जहां एक ओर वानी नेगी ने संविधान का महत्व और संवैधानिक मूल्यों का महत्व बताया, वहीं दूसरी ओर इकजोत सिंह ने समानता, स्वतंत्रता और भ्रातृत्व की अवधारणाओं पर अपने विचार रखते हुए सहिष्णुता का महत्व बताया। स्कूल सचिव मृदुल मैत्री ने गणतंत्र का महत्व और आवश्यकता पर अपने विचार रखे।


संगीत विभाग के शिक्षकों मनोज कुमार झा और बृजेश कुमार के कुशल नेतृत्व में तैयार की गई संगीतमय प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं। जूनियर स्कूल कैप्टेन अनंता अग्रवाल ने देशभक्ति की कविता सुनाई। नवीं कक्षा के विद्यार्थियों कशिश सचदेवा, महकप्रीत कौर ने संवाद के माध्यम से और यविष्ठ मक्कड़ ने देशभक्ति आधारित कविता के माध्यम से अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त किया। नवीं कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़-नाटक के माध्यम से देशभक्ति का महत्व समझाया गया। आदित्य शर्मा और ध्रुव ढींगरा द्वारा कार्यक्रम का कुशल संचालन किया गया।


अध्यापिकाओं में सुनीता कुमार द्वारा संविधान का महत्व बताया गया। सोनाली प्रामाणिक द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजित रहे विद्यार्थियों के नामों और पुरस्कारों की घोषणा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी गयी। विद्यालय के चार सदनों जागृति, कीर्ति, शक्ति और प्रगति में से जागृति सदन को हाउस ऑफ द ईयर ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या मीनाक्षी सन्त द्वारा विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनसे देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने एवं आदर्श व्यवहार प्रदर्शित करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकगण एंव विद्यार्थीगण उपस्थित थे।