जीव जगत में उत्साह-संचार का काम करता है उत्तरायणी पर्वः कमाण्डो सुरेन्द्र सिंह


नई दिल्ली, उमंग और उत्साह से मनुष्य के रोग, शोक और समस्याओं का निदान हो जाता है। प्रकृति ने स्वयं संसार में ऊर्जा प्रदान करने की व्यवस्था की है। उत्तरायणी पर्व जीव जगत में उत्साह संचार का ही काम करता है। सूर्य उत्तरायण होते ही मनुष्य में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, इसलिए उसमें जीव जगत शारीरिक और मानसिक रूप से समर्थ हो जाता है। ये विचार विधायक कमाण्डो सुरेन्द्र सिंह ने मोती बाग, नई दिल्ली में उत्तरायणी का उद्घाटन करते हुए व्यक्त किये। विधायक वन्दना कुमारी ने शालीमार बाग में उत्तरायणी उत्सव का उद्घाटन करते हुए कहा कि सूर्य उत्तरायण होते ही नयी चेतना का संचार होता है। यह सूर्य उपासना का पर्व है। उत्तरायणी पर्व उत्तराखण्ड की संस्कृति का पर्व बन गया है।


हिन्दी अकादमी के सचिव डॉ. जीतराम भट्ट ने इस अवसर पर कहा कि मकर संक्रान्ति पर सूर्य उत्तरायण होता है। सूर्य उत्तरायण होते ही समस्त प्रकृति में नया स्पन्दन और परिवर्तन होता है। इसलिए पूरे भारत में यह संक्रान्ति एक पर्व के रूप में मनायी जाती है। उत्तरायणी उत्तराखण्ड का प्रतीक पर्व के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। डॉ. जीतराम भट्ट ने आगे बताया कि हिन्दी अकादमी द्वारा पूरी दिल्ली में एक साथ 60 स्थानों पर उत्तरायणी कार्यक्रम आयोजित की जा रही है हिन्दी अकादमी के सचिव डॉ. जीतराम भट्ट ने बताया कि दिल्ली सरकार द्वारा विगत वर्षों से दिल्ली के विभिन्न इलाकों में उत्तरायणी का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। इस वर्ष भी तीर्थ यात्रा समिति के साथ संयुक्त तत्त्वावधान में हिन्दी अकादमी द्वारा 60 स्थानों पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। मोती नगर में आयेजित इस उत्तरायणी-उत्सव में दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले उत्तराखण्डी जन-समुदाय ने अपनी परम्परा के अनुसार सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये। क्षेत्रीय पार्षद सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और इस अवसर पर उपस्थित थे।