दिल्ली की सातों सीटें जीतने को कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं: केजरीवाल


नई दिल्ली, आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक व मुख्यमंत्री अर¨वद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की सातों लोकसभा सीटें जीतने के लिए कार्यकर्ता अभी से ही लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अभी से जितनी ज्यादा मेहनत कर लेंगे बाद में जनता के बीच जाने में उतनी ही आसानी रहेगी। आप के पास जनता को बताने के लिए बहुत कुछ है जबकि भाजपा के पास कुछ नहीं है। क्योंकि भाजपा ने सिर्फ भाषण दिए हैं, काम नहीं किया। इसलिए यह लोकसभा चुनाव अहम होगा। केजरीवाल आगामी लोकसभा चुनाव से संबंधित बैठकों की श्रृंखला में अपने आवास पर उत्तरी-पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से रूबरू हो रहे थे। बैठक में लोकसभा क्षेत्र से जुड़े सभी विधायक, निगम पार्षद, पार्टी के लोकसभा एवं जिला अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद थे। बैठक की अध्यक्षता इस लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी दिलीप पांडेय ने की।


केजरीवाल ने कहा कि किसी को अभिमान नहीं करना चाहिए। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने एक सभा में कहा था कि अगर 2019 का लोकसभा चुनाव भाजपा जीत जाती है तो आने वाले 50 सालों तक भाजपा को सत्ता से कोई नहीं हटा सकेगा। उन्होंने कहा कि इसके पीछे भाजपा का षड्यंत्र है। केजरीवाल ने कहा कि आज देश को हम सबकी जरूरत है। भारतीय नागरिक होने के नाते ये हमारा फर्ज है कि हम इस देश के संविधान को बचाने के लिए अपना जी-जान लगा दें।


कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने कहा कि यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम अच्छे लोगों को चुनकर संसद भेजें। दिल्ली में कांग्रेस का कोई अस्तित्व नहीं है। केवल आम आदमी पार्टी ही है जो भाजपा को हरा सकती है। आज हम सबके पास एक मौका है कि हम दिल्ली की सातों सीटों पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताकर संसद में भेजें।


बैठक की अध्यक्षता करते हुए उत्तरी-पूर्वी लोकसभा के प्रभारी दिलीप पांडेय ने कहा कि आज दिल्ली में जो माहौल है उससे साफ पता चलता है कि आम आदमी पार्टी दिल्ली की सातों सीटों पर जीत रही है। लेकिन हम सबको यह सोचकर शांत नहीं बैठना है, बल्कि दोगुनी ताकत के साथ हमें काम करना है। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली में चारों तरफ आम आदमी पार्टी के कार्यों को लेकर जनता में एक सकारात्मक भाव है। सभी लोग मानते हैं की आम आदमी पार्टी दिल्ली में अच्छा काम कर रही है। पिछले कई दिनों से जो दिल्ली के कोने-कोने में सर्वे चल रहा हैं, उसमें ये परिणाम निकल कर आया है कि दिल्ली की जनता चाहती है कि यहां की सातों सीटों पर आम आदमी पार्टी का सांसद चुना जाए।