द.दि.न.नि क्षेत्र की 100 से अधिक मार्किट में स्वच्छता अभियान चलाया


नई दिल्ली, अधिक से अधिक इलाकों में स्वच्छता गतिविधियां संचालित कर रहा है ताकि स्वच्छ भारत मिशन की मूल भावना के अनुरूप शहर को कचरा मुक्त करने का काम पूरा किया जा सके। मध्य, दक्षिण और पश्चिम क्षेत्र की 100 प्रमुख मार्किट में आज सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में व्यापारियों, नागरिकों और सफाई कर्मचारियों ने मिलकर कूड़ा कचरा हटाने, प्लास्टिक की थैलियों का इस्तेमाल रोकने का संदेश देने और व्यापक जागरूकता विकसित करने का काम किया। इस दौरान कई पार्षद भी उपस्थित रहे। व्यापारी वर्ग को बताया गया कि उनकी मार्किट स्वच्छ और सुंदर बन जाने से ग्राहक अधिक आयेंगे और उनका व्यापार बढ़ेगा। शुद्ध वातावरण के लिए स्वच्छता जरूरी है इसलिए स्वच्छता पर प्रतिदिन आवश्यकतानुसार समय निवेश करने से जीवन में कई फायदे मिलते हैं। स्वच्छता बन जाने से बीमारियां दूर रहती हैं और लोगों का जीवन सक्रिय रहता है।

एक ही दिन में एक साथ 100 से अधिक मार्किट में सफाई अभियान चलाने से समूची दिल्ली में स्वच्छता को आदत बनाने का स्पष्ट संदेश गया। इस तरह के व्यापक अभियान से निगम को अपना स्वच्छता का स्तर बढ़ाने में मदद मिली। आज स्वच्छता अभियान के दौरान लिटर पिकर जैसी आधुनिक मशीनों का भी इस्तेमाल किया गया। द.दि.न.नि के क्षेत्र में जगह जगह बड़ी संख्या में लोग सफाई के लिए योगदान देते दिखे। आज प्रमुख मार्किट में सफाई कर्मचारी और स्थानीय नागरिक स्थानीय पार्षद के साथ मिलकर कचरा उठाते दिखे। उनमें कुछ प्रमुख हैं- लाडो सराय, सेंट्रल मार्किट लाजपत नगर, आर.के पुरम में फल और सब्जी मंडी, पी.वी.आर मार्किट विकासपुरी, विकासपुरी वार्ड में ग्रामीण क्षेत्र, चितरंजन पार्क, मदनगीर, एच ब्लाक मार्किट सरिता विहार, मुर्गा मार्किट राजौरी गार्डन। आज के स्वचछता अभियान की विशेषता यह रही कि हटाए गए कूड़े और कचरे को उसी समय वहां से प्रबंधन के लिए ले जाया गया।