भाजपा को लोकसभा सातों सीट पर हराने का अपना दायित्व पूरा करेगी आप: केजरीवाल


नई दिल्ली, आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी (आप) ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के सीएम अरविन्द केजरीवाल ने अपने आवास पर गुरुवार (10 जनवरी) से 16 जनवरी तक रोजाना पार्टी विधायकों, संगठन के सभी पदाधिकारियों की बैठक का आयोजन कर रखा है। इसी कड़ी में गुरुवार को पहली मीटिंग साउथ दिल्ली की टीम के साथ हुई। सीएम आवास पर हुई इस मीटिंग में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के अलावा पार्टी के दिल्ली प्रदेश के प्रभारी गोपाल राय और दक्षिणी दिल्ली सीट पर पार्टी के प्रभारी राघव चड्ढा भी मौजूद थे।


मीटिंग में आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में भाजपा को सातों सीट पर हराने का अपना दायित्व पूरा करेगी। जब 2015 में हमारी सरकार बनी तो दिल्ली में हर भ्रष्ट सरकारी कर्मचारी डरने लगा था। सबने रिश्वत लेना बंद कर दिया था। उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा ने एक-एक करके हमसे हमारे सारे अधिकार छीन लिए। पिछले 4 साल से भाजपा हमारे हर काम में अड़ंगे लगा रही है। इतने सब के बाद भी हमने दिल्ली के शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो बदलाव किए हैं, वो देश के किसी भी राज्य में नहीं हुए लेकिन अभी भ्रष्टाचार मुक्त भारत का सपना अधूरा है। हमें अभी उसके लिए बहुत मेहनत करनी है।


वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव पर बात करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम सबने मिलकर कांग्रेस को देश की सत्ता से उखाड़ फेंका था लेकिन आज कांग्रेस से भी बड़े गुंडे देश की सत्ता में आकर बैठ गए हैं। आज देश में मोदी और अमित शाह की तानशाही पूरे चरम पर है। अगर ये लोग 2019 में दोबारा सत्ता में आ गए, तो ये देश के संविधान को खत्म कर डालेंगे। दिल्ली की जनता में सत्ता को पलटने का जज्बा है, जो 2013 में पूरे देश ने देखा था। आज एक बार फिर आप लोगों को मिलकर मोदी और अमित शाह की इस तानाशाही की सरकार को उखाड़ फेंकना है। आप सबको पूरी मेहनत करनी है और दिल्ली की सातों सीट पर भाजपा को हराना है।


मीटिंग में मौजूद दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने बताया कि पार्टी ने तय किया है कि विधानसभा के सभी पदाधिकारियों को एक-एक बूथ की जिम्मेदारी दी जाएगी। साथ ही ऐसे लोग जो कामकाज वाले हैं पर थोड़ा ही समय दे सकते हैं, उनको 10 घरों की जिम्मेदारी दी जाएगी। हर दस घर पर एक विजय प्रमुख की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विजय प्रमुख का ये कर्तव्य होगा कि उसको अपने 10 घरों के वोट आम आदमी पार्टी को ही दिलवाने हैं। उन्होंने कहा कि आज से लेकर लोकसभा चुनाव तक ये युद्ध का समय है। हम सबको ये लड़ाई मिलकर लड़नी है क्योंकि यह कोई मेरी या आपकी लड़ाई नहीं है, ये इस देश के भविष्य की लड़ाई है, हम सबकी लड़ाई है। ऐसे में हम सबकी जिम्मेदारी बनती है कि मिलकर हम इस देश को मोदी और अमित शाह की तानाशाही से बचाएं। अगर हम इस मौके पर चूक गए तो अगले पांच साल तक फिर से तानाशाही का शिकार होना पड़ेगा।