भाजपा दोबारा सत्ता में आई तो टूटेगा देश: केजरीवाल


कोलकाता, केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार के खिलाफ महाविपक्षी एकता के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित महारैली को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि अगर 2019 में केंद्र की सत्ता पर भारतीय जनता पार्टी दोबारा काबिज हो गई तो देश के टुकड़े हो जाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि अमित शाह और नरेन्द्र मोदी की जोड़ी ने देश का कबाड़ा कर दिया है। सीबीआई, आरबीआई पर सरकार ने कब्जा कर लिया है। देश भर में नफरत का माहौल पैदा कर दिया गया है। यह सरकार हिन्दुओं को मुसलमानों से लड़ा रही है। देशभर में दलितों को मारा पीटा और कत्ल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मॉब लिंचिंग के जरिए अल्पसंख्यकों और दलित समुदाय के लोगों की हत्या की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के नेता महिलाओं का सम्मान नहीं करते। ये लोग सोशल साइट पर महिलाओं को गंदी-गंदी गालियां देते हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इन नेताओं को फॉलो करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह की तुलना हिटलर से करते हुए कहा कि कुछ दिनों पहले अमित शाह ने एक जनसभा से कहा था कि अगर 2019 में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनी तो आने वाले 50 साल तक भाजपा की ही सरकार रहेगी। ऐसा उन्होंने इसलिए कहा क्योंकि अगर दोबारा भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी तो देश की सभी संवैधानिक संस्थाओं को नष्ट कर दिया जाएगा। हिटलर ने यही किया था। उसने सब कुछ अपने नियंत्रण में ले लिया था और जब तक जिंदा था तब तक जर्मनी का शासक बना रहा। केंद्र की भाजपा सरकार भी यही कर रही है। केजरीवाल ने कहा कि अगर दोबारा केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तो ये लोग चुनाव नहीं होने देंगे। न्यायालय को खत्म कर देंगे, सीबीआई जैसी संस्थाएं नहीं बचेंगी और इस तरह से पूरे देश पर अपना शासन जमाए रखेंगे। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद इतने साल में पाकिस्तान ने देश का जितना नुकसान नहीं किया, उससे अधिक नफरत और हिंसा भारतीय जनता पार्टी ने लोगों में भर दी है। आज पूरे देश में चारों ओर सांप्रदायिकता का माहौल है। हिन्दुओं को मुसलमानों से लड़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह देश को बांटना चाहते हैं। अगर दोबारा केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तो निश्चित तौर पर ये देश के टुकड़े-टुकड़े कर देंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र की सत्ता में आने के लिए नरेन्द्र मोदी ने दावा किया था कि करोड़ों बेरोजगार युवाओं को नौकरी देंगे, लेकिन नोटबंदी और जीएसटी जैसे तानाशाही वाले फैसले लागू कर करोड़ों लोगों को बेरोजगार कर दिया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के मंच पर देश भर के बड़े नेताओं का जमघट और ब्रिगेड परेड मैदान में लाखों की संख्या में लोगों की भीड़ देखकर मुझे यकीन हो गया है कि केंद्र से भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंका जाएगा। अब मुझे सुकून है और इस सुकून के साथ मैं वापस दिल्ली जाऊंगा।