बेकाबू आरटीवी ने ली महिला की जान

नई दिल्ली, पश्चिमी जिले के मोती नगर इलाके में एक तेज रफ्तार आरटीवी ने 64 वर्षीय बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद चालक बस को छोड़कर मौके से फरार हो गया। आस-पास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बुजुर्ग महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान मोती नगर निवासी प्रभा सूरी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस केस दर्ज कर आरोपित चालक की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को प्रवीन नाम के व्यक्ति ने कॉल करके सूचना दी की कर्मपुरा के पास एक आरटीवी ने बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी है। प्रवीन ने पुलिस को बताया कि वह कर्मपुरा बस स्टैंड के पास खड़ा था, तभी एक आरटीवी तेज रफ्तार में आई और बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी।