अवैध रूप से चल रही 17 फैक्टरियां की गई सील


नई दिल्ली, शाहदरा साउथ व नॉर्थ जोन में अवैध रूप से चल रही फैक्टरियों के खिलाफ निगम ने भारी हंगामे के बीच शुक्रवार को 17 फैक्टरियां सील कर दिया। इसमें शाहदरा साउथ में 12 व नॉर्थ जोन में पांच फैक्टरियां सील की गई। यह कार्रवाई उस्मानपुर, वेलकम, मानसरोवर पार्क, कृष्णानगर, गांधीनगर, फर्श बाजार आदि इलाके में की गई।


प्राप्त जानकारी के मुताबिक निगम के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ उस्मानपुर, वेलकम और मानसरोवर पार्क इलाके में अवैध रूप से चल रही फैक्टरियों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई करने पहुंचे। इस दौरान निगम अधिकारियों ने उस्मानपुर और मानसरोवर पार्क में चार अवैध फैक्टरियों को सील किया, वहीं वेलकम इलाके में एक फैक्टरी पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। इस दौरान फैक्टरियों के बिजली व पानी के कनेक्शन भी काट दिए गए। मानसरोवर पार्क में सीलिंग के दौरान लोगों की भीड़ ने जमकर हंगामा किया। लोगों का कहना था कि निगम अधिकारी इन इलाकों में तो अवैध रूप से चल रही फैक्टरियों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई करने पहुंच जाते हैं, लेकिन सीलमपुर व जाफराबाद इलाके में क्यों नहीं कार्रवाई करते।


शाहदरा साउथ जोन में भी निगम अधिकारियों ने अवैध रूप से चल रही 12 फैक्टरियों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की। इस दौरान रघुवरपुरा इलाके में दो फैक्टरी मालिकों ने मौके पर ही मिसयूज चार्ज के सात-आठ लाख रुपए वहीं जमा करा दिए, जिसके चलते इन दोनों फैक्टरियों पर सीलिंग की कार्रवाई नहीं की गई। निगम अधिकारियों का कहना है कि अगर लोग अपनी संपत्ति को बचाना चाहते हैं तो जिन भवनों में अवैध रूप से फैक्टरियां चल रही हैं, उन्हें खाली कर निगम को मिसयूज चार्ज व शपथ पत्र देकर अपने भवन को बचा सकते हैं।