37 तरह की समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम ने जारी किया नया टोल फ्री नम्बर

नई दिल्ली, उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर आदेश गुप्ता ने अपने क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की शिकायतों और समस्याओं के समाधान करने को लेकर नया नंबर (155304) शुरू किया है। गुप्ता ने बताया कि नई व्यवस्था से नागरिक एक ही नम्बर पर नगर निगम से संबंधित विषयों से जुड़ी 37 प्रकार की शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। महापौर ने बताया कि जैसे ही उपरोक्त नम्बर पर शिकायत मिलेगी, उस विषय और क्षेत्र के मुताबिक स्वतः छंटनी कर समाधान के लिए संबंधित प्राधिकारी तक पहुंच जाएगा। इसके अलावा शिकायतकर्ता की सुविधा के लिए मैसेज द्वारा शिकायत नम्बर भी दिया जाएगा। इसकी मदद से शिकायतकर्ता वेबसाइट पर जाकर संबंधित शिकायत के संबंध में की जा रही कार्यवाही या शिकायत की वास्तविक स्थिति के बारे में जानकारी ले सकता है। उल्लेखनीय है कि नगर निगम ने शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए हेल्प लाइन न./कंट्रोल रूम न. 18002008701/1800118700/1266 और समीर ऐप (सीपीसीबी) पहले से ही दे रखे हैं। इसके अलावा नागरिक अतिरिक्त सुविधा के लिए वेबसाइट पर जाकर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस वेबसाइट पर औसतन प्रति माह 2161 शिकायतें प्राप्त हो रहीं हैं। उत्तरी दिल्ली नगर निगम बेहतर एवं सरल रूप से नागरिक सेवाएं उपलब्ध करवाने को लेकर यह व्यवस्था शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की व्यवस्था से शासन में पारदर्शिता आएगी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की जा सकेगी।