तीन तलाक और सबरीमला पर भाजपा का दोहरा रवैया: येचुरी

नई दिल्ली, माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी ने केन्द्र सरकार द्वारा तीन तलाक प्रथा को प्रतिबंधित करने के लिये संसद में पेश विधेयक पर भाजपा पर महिलाओं के मामले में दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुये कहा कि सबरीमला मामले में भाजपा की महिलाओं के प्रति चिंता कहां गायब हो गयी। येचुरी ने नागरिकता (संशोधन) विधेयक 2016 के विरोध में शुक्रवार को आयोजित प्रदर्शन में कहा अगर भाजपा महिलाओं की समानता के लिये चितिंत है तो फिर सबरीमला मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले को लागू करने का विरोध क्यों कर रही है। जबकि यह फैसला महिलाओं को समानता का अधिकार ही देता है। उल्लेखनीय है कि भाजपा सबरीमला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश को वर्जित बताने वालों का समर्थन कर रही है। जबकि केरल की वाम सरकार उच्चतम न्यायालय के फैसले का पालन सुनिश्चित कराने की दलील देते हुये मंदिर में महिलाओं के प्रवेश को स्थानीय प्रशासन के माध्यम से सुनिश्चित कर रही है। येचुरी ने कहा कि भाजपा ने तीन तलाक विधेयक को संसद की प्रवर समिति के पास भेजने से मना कर दिया है। यह भाजपा की इस मामले में बदनियती को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि लोकसभा से गुरुवार को तीन तलाक पर प्रस्तावित विधेयक को पारित किया गया।