बूथ कार्यकर्ता को अपने-अपने क्षेत्र में दिल्ली में शासन कर रही सरकार को बेनकाब करना है - मनोज तिवारी

मिशन 2019 को सफल बनाने के लिए दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित बूथ सम्मेलन के दौरान मंच पर लंबे समय बाद एक साथ दिल्ली के सातों भाजपा सांसद मौजूद थे। सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के हिस्सा लेने से पूर्व सांसदों ने अपनी बात भी कही और बूथ प्रबंधकों से एक बार फिर वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव की तरह जिताने का सहयोग भी मांगा।


पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आने से पूर्व मनोज तिवारी जब मंच पर अपना अध्यक्षीय भाषण देने आए तो बूथ कार्यकर्ताओं ने भी तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। उसके बाद मनोज तिवारी ने मिशन 2019 को सफल बनाने के लिए बूथ कार्यकर्ताओं को यह बताया कि मोदी को दोबारा देश का प्रधानमंत्री क्यों बनाया जाना चाहिए। वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश के उन राज्यों में जहां भाजपा का कोई अस्तित्व ही नहीं था, वहां वोट फीसद में बढ़ावा और कई जगहों पर सरकार बनने को उन्होंने देशहित में बड़ी उपलब्धि के तौर पर बताया।


बूथ सम्मेलन के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने अपनी बात रखने के बाद एक गीत का मुखरा भी गाया। जिसमें था कि, पांच साल और मेरे मोदी की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस गीत को उन्होंने दिल्ली के भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा के साथ मिलकर तैयार किया है। यह गीत जल्द बनकर तैयार हो जाएगा तो बूथ कार्यकर्ता इसे खूब गाए और प्रचारित करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि इस गीत को गुनगुना से अच्छा भाव आएगा।


प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, पार्टी की जीत का श्रेय कार्यकर्ता को जाता है जिसे ध्यान में रखकर कार्यकर्ताओं के लिए विजय मंत्र है कि बूथ जीता तो चुनाव जीता। दिल्ली में कार्यकर्ता यदि बूथ स्तर पर अपनी पकड़ बना लेगें तथा प्रत्येक बूथ पर भाजपा का कार्यकर्ता हम नियुक्त कर लेगें तो निश्चित ही विजय भाजपा की होगी। मनोज तिवारी ने आगे कहा कि बूंद समुद्र नहीं होता है, लेकिन बूंद के बिना समुद्र भी नहीं बनता ठीक उसी प्रकार दिल्ली भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी रूपी समुद्र की एक बूंद है और जो बहुमूल्य है। तिवारी ने कार्यकर्ताओं का आवाहन करते हुये कहा कि आप सभी बूथ कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्र में दिल्ली में शासन कर रही झूठ और साजिश की सरकार को बेनकाब करना है।


उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने आयुष्मान भारत के अधीन दिल्ली के 10 लाख परिवारों के लिये प्रत्येक परिवार 5 लाख रूपये देने की घोषणा की थी किन्तु दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने आयुष्मान भारत योजना को दिल्ली में लागू नहीं होने दिया एवं दिल्ली की जनता को स्वास्थ्य संबंधी लाभ से वंचित रखा। उन्होंने कहा कि जब मैं झुग्गी प्रवास पर जाता हूं तो लोग पूछते हैं कि हमारी कच्ची कालोनियां कब पक्की होंगी। वहां के लोगों के पास साफ पानी तो नहीं पहुंचा लेकिन शराब के ठेके खुल गये हैं। झुग्गी झोपड़ियों में सीवर की समस्या है और बिजली के बिल काफी बढ़कर आ रहे हैं। दिल्ली सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और हम सब कार्यकर्ताओं को मिलकर आने वाले चुनाव में इस सरकार को उखाड़कर फेंकना है।


बूथ सम्मेलन के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय नेता रामलाल, श्याम जाजू व अन्य ने अपने अनुभव भी बूथ कार्यकर्ताओं को बताए कि जब वे जन संघ के बूथ प्रबंधक थे और प्रचार करने जाते थे। तब उन्हें कैसी परेशानी होती थी और उसका वे किस तरह सामना करते थे। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री रामलाल ने सभी बूथ प्रबंधकों से कहा कि फरवरी से पार्टी ने देश के सभी जिलों में बूछ प्रबंधकों और कार्यकर्ताओं के जरिए प्रचार प्रचार और मतदाताओं के घर-घर जाकर जनसंपर्क करने का एक प्लान तैयार किया है। इसकी जानकारी कुछ दिनों में उन्हें दे दी जाएगी। प्रत्येक बूथ कार्यकर्ता अब ये ठान ले जो परिवार भाजपा से नहीं जु़ड़ा है उसके घर जाएंगे और उसके साथ चाय पिएंगे और नजदीकी बढ़ाएंगे। बूथ प्रभारियों से संवाद के लिए 12 हजार बूथ प्रभारियों को बुलाया गया था। दिल्ली के कुल 13816 बूथ हैं