अटल जी के 94वें जन्मदिवस पर दी संगीतमय श्रद्धांजलि

हर साल की तरह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 94वीं जयंती पर केंद्रीय मंत्री विजय गोयल एवं लोक अभियान संस्था द्वारा गीत एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। जाने-माने गायक दलेर मेंहदी इस अवसर पर गीत और भजन से समां बांधा। इस मौके पर उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, बीजेपी संगठन महामंत्री रामलाल, बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के पालक दामाद रंजन भट्टाचार्य एवं केंद्र सरकार के कई मंत्री मौजूद थे।


इस मौके पर केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने कहा वर्ष 2018 में राजनीति और संपूर्ण राष्ट्रा को अटल जी के निधन से अपूरणीय क्षति पहुँची और अब उनके बिना इस वर्ष कुछ अधूरा सा महसूस हो रहा है। गोयल ने कहा कि ये मेरा सौभाग्य था कि मुझे उनकी दिशा निर्देश में काम करने का मौका मिला। केंद्रीय मंत्री एवं लोक अभियान संस्था के प्रमुख गोयल ने बताया अटल जी के जन्मदिवस को पूरा देश सुशासन दिवस के रूप में मनाता है। पिछले कई वर्षों से लोक अभियान संस्था अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर कार्यक्रम का आयोजन करती आ रही है। उल्लेखनीय है कि विजय गोयल पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नजदीकी एवं उनके साथ प्रधानमंत्री कार्यालय में मंत्री थे। उनकी संस्था लोक अभियान की शुरुआत भी अटल जी की ही प्रेरणा और संरक्षण में हुई थी।


उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने यहां अटल जी पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन के महत्वपूर्ण प्रसंगों को दर्शाया गया। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने कहा कि अटल जी इतने महान वक्ता थे। वह भारत के सबसे प्यारे प्रधानमंत्री थे। प्रधानमंत्रियों का सम्मान किया जाता है, प्रधानमंत्रियों की प्रशंसा की जाती है, इसमें कोई संदेह नहीं है, लेकिन इस प्रधान मंत्री को मान, सम्मान और सबसे अधिक प्यार किया जाता था, हर व्यक्ति उनसे प्यार करता था। उन्होंने कहा कि अटल जी की सुशासन नीतियों और गतिशील व्यक्तित्व ने उन्हें जनता के बीच पसंदीदा बनाया और युवाओं को भी प्रेरित किया।