आईजी स्टेडियम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बूथ के कार्यकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद

आईजी स्टेडियम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बूथ के कार्यकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद


बूथ जीता चुनाव जीता के मंत्र के साथ नमो अगेन 2019 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने हेतु दिल्ली भाजपा द्वारा  23 दिसम्बर को दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी की अध्यक्षता में बूथ सम्मेलन का आयोजन आई.जी. स्टेडियम में किया जा रहा है। इस सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, संगठन महामंत्री रामलाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू, राष्ट्रीय मंत्री तरूण चुघ, केन्द्रीय मंत्री, सांसद एवं प्रदेश पदाधिकारी शामिल होंगे।
दिल्ली भाजपा महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि संगठन को मजबूत करने के लिए बूथ सम्मेलन  हो रहा है जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सभी बूथ कार्यकर्ताओं को 2019 लोकसभा चुनाव की रणनीति पर दिशा निर्देश देगें। भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है, पार्टी की जीत का श्रेय कार्यकर्ता को जाता है जिसे ध्यान में रखकर कार्यकर्ताओं के लिए विजय मंत्र है कि बूथ जीता तो चुनाव जीता। दिल्ली में कार्यकर्ता यदि बूथ स्तर पर अपनी पकड़ बना लेगें तथा प्रत्येक बूथ पर भाजपा का कार्यकर्ता हम नियुक्त कर लेगें तो निश्चित ही विजय भाजपा की होगी।
दिल्ली भाजपा महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी एक लोकतांत्रिक पार्टी है और उसका सबसे बड़ा उदाहरण आपको आई.जी. स्टेडियम में  दिखाई देगा जब बूथ अध्यक्ष से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सीधे संवाद करेगें और उपस्थित सभी कार्यकर्ताओ का मनोबल बढ़ायेगें। साथ ही बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन का आंरम्भ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने के संकल्प के साथ होगा।
श्री चहल ने कहा कि इस सम्मेलन में सभी बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के मोबाइल पर लिंक भेज कर ई-रजिस्ट्रेशन कराया गया है और केवल वही कार्यकर्ता कार्यक्रम में हिस्सा ले पायेगें जिनका ई-रजिस्ट्रेशन हो चुका है। आगामी 2019 लोकसभा चुनाव भाजपा सबका साथ, सबका विकास के आधार पर चुनाव लड़ेगी और केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बूथ स्तर पर ले जाकर जनता के बीच प्रचार-प्रसार किया जायेगा। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता की मजबूत पकड़ संगठन को स्पष्ट बहुमत की ओर ले जायेगी।