आप ने भाजपा पर लगाया मतदाता सूची में गड़बड़ी करवाने का आरोप


नई दिल्ली, आम आदमी पार्टी (आप) के प्रवक्ता राघव चड्ढा ने बुधवार को पार्टी ऑफिस में एक प्रेसवार्ता कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी करवाने का आरोप लगाया है। चड्ढा ने कहा कि भाजपा ने चुनाव आयोग के कुछ अधिकारियों के साथ मिलकर जान-बूझकर मतदाता सूची से लोगों के नाम कटवाए हैं। चड्ढा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने पिछले साढ़े चार साल में दिल्लीवालों के लिए कुछ काम नहीं किया है। उन्होंने मोहल्ला क्लीनिक और सीसीटीवी कैमरा की फाइलें रुकवाई। उन्होंने मनोज तिवारी सहित भाजपा के सातों सांसदों पर जनविरोधी काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अभी तक करीब 24 लाख लोगों का नाम मतदाता सूची से काट दिया गया है। इसके अलावा लगभग 7 से 8 लाख ऐसे नाम हैं जो सूची में दर्ज नहीं हैं। कुल मिलाकर लगभग 30 लाख से ज्यादा लोगों का नाम मतदाता सूची से काटा जा चुका है। आप प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा के सांसद राज्यपाल से कहकर जनहित के हर कार्यों में अड़चन डालने और दिल्ली के लोगों से बदला लेने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा दिल्ली की सातों सीटें हारने जा रही है। भाजपा को इस बात का अंदाजा हो गया हैद्य इसलिए दिल्ली के मतदाता सूची से 30 लाख लोगों का नाम कटवा दिया गया है। हालांकि आप ने चुनाव से 6 महीना पहले ही मतदाता सूची निकाल ली थी जिसका अंदाजा भाजपा को नहीं था। उन्होंने कहा कि तेलंगाना के चुनाव में भी 22 लाख से ज्यादा लोगों के नाम गैरकानूनी ढंग से कटा है। बैडमिंटन खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा का नाम भी मतदाता सूची से काटा गया था। भाजपा की चोरी पकड़ी जा चुकी है। यहां तक की तेलंगाना के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने सार्वजनिक तौर पर अपनी गलती स्वीकार कर माफी मांगी है।