शहरी सदर पहाड़गंज जोन में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष ने संभाला पदभार


नई दिल्ली, उत्तरी दिल्ली नगर निगम में शहरी-सदर पहाड़गंज जोन वार्ड कमेटी में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित कांग्रेस की सीमा ताहिरा और सुलक्षणा ने सोमवार को क्षेत्रीय कार्यालय ओल्ड हिन्दू कॉलेज कश्मीरी गेट में आयोजित एक समारोह में कांग्रेस के नेता जय प्रकाश अग्रवाल और उत्तरी दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल के नेता एवं वरिष्ठ पार्षद मुकेश गोयल की उपस्थिति में अपना कार्यभार ग्रहण किया।


इस अवसर पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जय प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम राजनीति की प्राथमिक पाठशाला है नेता (जनप्रतिनिधि) को अपने क्षेत्र में जमीनी स्तर पर कार्य करने का अनुभव यहीं से आता है। निगम में लोगो की छोटी से छोटी और बड़ी से बड़ी समस्याओं का समाधान होता है अग्रवाल ने कहा कि सोमवार को निगम में तीसरा दल होने के बावजूद शहरी-सदर पहाड़गंज जोन में कांग्रेस के काबिज होने का सारा श्रेय मुकेश गोयल को ही जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीब और छोटे लोगों का उत्थान करने में विश्वास रखती है। उन्होंने अपने जनप्रतिनिधियों को सलाह दी कि वे अधिकारियों के सहयोग और सेवाभाव से लोगों की सेवा करें।


मुकेश गोयल ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों पर चलते हुए निगम में कांग्रेस के प्रतिनिधि दिल्ली और उसके निवासियों की समस्याओं का समाधान कर रहें हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी और जनप्रतिनिधि दोनो एक गाड़ी के दो पहिए होते है ये दोनो मिलकर काम करें तो गाड़ी सही ढंग से चलेगी। उन्होंने अपने निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को निगम अधिकारियों के साथ मिलकर काम करने की सलाह दी। गोयल ने चेतावनी दी कि कोई भी अधिकारी जनहित से जुड़े कार्य करने में कोताही बरतेगा तो उसे कतई सहन नहीं किया जायेगा और उसके खिलाफ हर स्तर पर आवाज बुलंद की जायेगी। जोन वार्ड कमेटी की अध्यक्ष सीमा ताहिरा ने कहा कि शहरी-सदर पहाड़गंज जोन में प्रमुख समस्या गड्ढों की है इस जोन को गढ्ढा मुक्ता करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी क्योंकि मानसून आने को है बरसात में इन गढ्ढों के कारण कोई दुर्घटना नहीं होनी चाहिए। इस मौके पर निगम जोन के उपायुक्त आरवा गोपी कृष्णन, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मो. उस्मान, कांग्रेसी नेता महमूद जिया, धर्मेन्द्र तोमर, हर्ष शर्मा (चिंटू) आदि प्रमुख नेता मौजूद थे।