मनोज तिवारी एवं हंस राज हंस ने किया बिजली एवं सीएनजी उत्पन्न करने हेतु संयंत्र का शिलान्यास


नई दिल्ली, 26 जून भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी एवं उत्तर पश्चिम क्षेत्र से सांसद हंस राज हंस ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम के वार्ड-20 श्रद्धानंद कॉलोनी, भलस्वा डेरी में भारत सरकार के आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय द्वारा प्रायोजित गाय एवं पशु के गोबर से बिजली एवं सीएनजी उत्पन्न करने हेतु संयंत्र का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उत्तरी दिल्ली के उप महापौर योगेश वर्मा, स्थायी समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश, वार्ड नं-20 के निगम पार्षद, पूर्व उप महापौर विजय कुमार भगत, प्रमुख निदेशक देवेन्द्र कुमार, मुख्य अभियंता (डेम्स) संजय जैन व निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
उप महापौर योगेश वर्मा ने कहा कि भलस्वा डेरी जैसे क्षेत्र में पशु पालन की अधिकता होने के कारण गोबर की मात्रा बहुत अधिक है। जो अभी तक ज्यादा काम मे नहीं लिया जाता था और इस गोबर से जनजीवन का स्वास्थ्य भी प्रभावित होता था। उप महापौर योगेश वर्मा ने बताया भारत सरकार द्वारा ये संयंत्र लगाया जा रहा है उससे बिजली एवं सीएनजी गैस का उत्पादन होगा। जो गोबर अभी तक अपशिष्ट होता था वो बिजली एवं गैस उत्पादन में काम आएगा। आने वाले दिनों में इस संयंत्र के लगने से लोगों को कई स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत दूर हो जाएगी। उन्होंने ने भारत के प्रधानमंत्री आदरणीय नरेन्द्र मोदी जी का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर स्थायी समिति के अध्यक्ष जय प्रकाश ने कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम नवीनतम तकनीक और विचारों को अपनाकर पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए सभी प्रयास कर रही है। कचरे और अपशिष्ट के प्रसंस्करण सबसे महत्वपूर्ण है। उत्तर निगम पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए अधिकतम अपशिष्ट संसाधित करने के लिए संसाधन में प्रयास कर रहा है।