सरकारों द्वारा किए गए कार्यों एवं उनकी विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने में योगदान देते हैं वकील: शीला दीक्षित


नई दिल्ली, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विधिक एवं मानव अधिकार विभाग द्वारा शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में लोकसभा चुनावों की रणनीति बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष शीला दीक्षित की अध्यक्षता में अधिवक्ताओं व मानव अधिकार पदाधिकारियों की बैठक हुई। आज के कार्यक्रम का आयोजन विधिक एवं मानव अधिकार विभाग के चैयरमेन एडवोकेट सुनील कुमार ने किया।


विधिक एवं मानव अधिकार विभाग के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए शीला दीक्षित ने कहा कि विधिक एवं मानव अधिकार विभाग के कार्यकर्ताओं में इतनी क्षमता है कि वे कांग्रेस को दिल्ली में सातों सीट जितवा सकते है। उन्होंने कहा कि वकील समाज को अच्छी तरह समझते हैं और वे सरकारों द्वारा किए गए कार्यों एवं उनकी विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने में योगदान देते हैं क्योंकि कांग्रेस से संबधित वकीलों ने हमेशा गरीबों व मजदूरों के हकों की लड़ाई बिना किसी स्वार्थ के लड़ी है।


शीला दीक्षित ने बैठक में आए वकीलों एवं मानव अधिकार कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर कांग्रेस की उपलब्धियों और केन्द्र में बैठी भाजपा तथा आप पार्टी की दिल्ली सरकार की विफलताओं को लोगों तक पहुंचाऐं। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि दिल्ली के वकील सातों सीटों पर कांग्रेस की जीत निश्चित करते हुए पूरे देश को राह दिखाऐंगे। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात की खुशी है कि दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के विधिक एवं मानव अधिकार के वकीलों व मानव अधिकार कार्यकर्ताओं की लम्बी फौज कांग्रेस पार्टी के साथ है।



दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष हारुन यूसूफ ने कहा कि एक तरफ हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी है और दूसरी तरफ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल है जिन्होंने झूठ बोलने में प्रतियोगिता की हुई है और एक से एक बढ़कर झूठ फैलाकर लोगों को गुमराह करके ठगा है।


दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलौथिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का एक इतिहास है और इसके कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ रखते है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता एक मजबूत बिरादरी है और जो सरकार बनाने तथा बिगाड़ने में यह महत्वपूर्ण भूमिका निभाती आई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने आप में इतने सक्षम है कि वे अपने बलबूते पर बिना किसी अन्य पार्टी के सहयोग के कांग्रेस की सातों सीटों पर जीत निश्चित करेंगे।


कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यकारी अध्यक्षों के अलावा विधिक एवं मानव अधिकार विभाग के चैयरमेन एडवोकेट सुनील कुमार, पूर्व मंत्री दिल्ली सरकार डॉ. किरण वालिया, कमेटी के विधिक एवं मानव अधिकार विभाग के कॉआर्डिनेटर करण सिंह, विभाग के मुख्य कन्वीनर बी.पी. त्यागी, ऑर्गेनाईजिग सचिव रजत शर्मा एवं विकास यादव, वरिष्ठ नेता राकेश चैहान, भूपेश यादव, घनेन्द्र भारद्वाज आदि मुख्य रुप से मौजूद थे।