निगमायुक्त ने दिए कॉम्पैक्टर लगाने के निर्देश

नई दिल्ली, उत्तरी दिल्ली नगर निगम की आयुक्त वर्षा जोशी ने बुधवार को रोहिणी वार्ड संख्या-25 एन की पार्षद और उच्चाधिकार प्राप्त संपत्ति कर समिति की उपाध्यक्ष कनिका जैन के साथ रोहिणी सेक्टर-5, सेक्टर-6 और सेक्टर-11 क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान मुख्य अभियंता प्रदीप बंसल समेत निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी और क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।



निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त वर्षा जोशी ने क्षेत्र के निगम विद्यालयों और ढलावों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय पार्षद सुश्री कनिका जैन ने निगमायुक्त को बताया कि क्षेत्र में कूड़े के प्रबंधन को और बेहतर बनाए जाने की आवश्यकता है और उन्होंने रोहिणी सेक्टर-11 व सेक्टर-6 में कॉम्पैक्टर लगाने जाने की जरूरत बताई। इस पर निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को ढलावों के स्थान पर कॉम्पैक्टर लगाने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने प्राथमिक स्कूलों के निरीक्षण के दौरान व्यवस्था पर संतोष जाहिर किया। निगमायुक्त ने कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों की मदद से सीएसआर के पैसों से निगम स्कूलों में अधिक से अधिक सुविधाएं विकसित की जाएं।