दिल्ली के मुख्यमंत्री 30 लाख वोट काटने का झूठ फैला रहे हैं: विजय गोयल


नई दिल्ली, मुख्यमंत्री केजरीवाल पिछले तीन महीने से सफेद झूठ बोल रहे हैं, 30 लाख नहीं केवल साढ़े तीन लाख वोट काटें जिसमें से लगभग 1 लाख मतदाताओं कि मृत्यु और ढाई लाख मतदाता स्थानांतरित हुए हैं। केंद्रीय मंत्री और दिल्ली बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष विजय गोयल आज मुख्य चुनाव अधिकारी रणबीर सिंह से मिले और अपने ज्ञापन सोंप कर मांग की कि केजरीवाल के द्वारा फैलाये जा रहै झूठ की जांच हो और दोषी को सजा दी जाये।


गोयल ने मुख्य चुनाव अधिकारी से उन लोगों की सूची मांगी जिनके नाम काटे जाने का दावा बार बार केजरीवाल और उनकी सरकार करती आ रही है। गोयल ने कहा कि आज चीफ इलेक्टोरल अफसर से मिलकर पता चला कि केवल साढ़े तीन लाख वोट जो कटे हैं उनमें से करीब एक 1 लाख लोगों कि मृत्यु हो गयी और डेढ़ लाख लोग वे हैं जो स्थानांतरित हो गए यानी कुल 0.87 फीसदी वोट कम हुए। केजरीवाल मुस्लिम, पूर्वांचली और बनियों के खिलाफ हैं।


गोयल ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता को फोन कर रही है और बता रही है कि आपका वोट कट गया है उसे जुड़वा दें क्या? वास्तव में किसी का भी वोट नहीं कटा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी को इस तरह से झूठ का प्रचार नहीं करना चाहिए और मुख्य चुनाव अधिकारी से मिलकर झूठ का पर्दाफाश हो गया है। गोयल ने कहा कि केजरीवाल दिल्ली कि जनता को जवाब दे कि वो दिल्ली की जनता को क्यों गुमराह कर रहें हैं।


मुख्य चुनाव अधिकारी रणबीर सिंह ने कहा कि घर घर जाकर एक सर्वे हुआ है और उन लोगो के ही वोट कटे हैं जिनका स्थानांतरण हो गया, या फिर जिनकी मृत्यु हो गयी या फिर जिनकी मल्टीप्ल एंट्रीज थी। दिल्ली चुनाव आयोग ने बताया है कि मतदाता सूची में जातिगत आंकड़े नहीं होते। इलेक्शन कमीशन आफ इंडिया ने हाल ही में चुनाव आयोग को क्लीन चीट दे दी है और यह भी साफ कर दिया है कि वोटरों के नाम काटने में कोई लापरवाही नहीं हुई है।